
BREAKING: राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी एक बस पलटकर खाई में गिर गई, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा कराड़िया के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया।
एक्सप्रेस-वे से खाई में गिरी बस
हादसा एक्सप्रेस-वे पर कराड़िया के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों में कई की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया भी एमबीएस अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे यात्री
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया, “अब तक आठ लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सभी गंभीर घायलों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है।”
बस में भोपाल के कुल 21 यात्री सवार थे, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे। सभी भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। हादसे की जांच जारी है।



