
Katihar NEET Paper Leak Protest: NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिहार के कटिहार में गुरुवार को छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। बड़ी संख्या में छात्र समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने की भी सूचना है।
समाहरणालय के बाहर बढ़ा तनाव
प्रदर्शनकारी छात्र समाहरणालय का घेराव करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचकर नारेबाजी की और परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्रों ने मुख्य गेट को धक्का देकर अंदर जाने की कोशिश भी की।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागने लगे।
Bihar Bomb Threat: CM आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, बिहार में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
लाठीचार्ज के बाद पथराव
पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन और उग्र हो गया। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर ईंट-पत्थर फेंके। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षा घेरा बनाकर भीड़ को नियंत्रित किया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
छात्रों का कहना है कि वे NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।



