Jharkhand Students Protest: विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों पर लाठीचार्ज, वॉटर कैनन के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

JPSC-JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, विधानसभा के करीब पहुंचने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Jharkhand Students Protest: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को विधानसभा का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। छात्रों के बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे पहले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।

छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर बर्बर तरीके से लाठियां बरसाईं, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र दूसरे रास्तों से विधानसभा के करीब पहुंच गए।

विधानसभा के 750 मीटर दायरे में धारा 163

प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

JPSC-JSSC: विधानसभा घेराव के लिए छात्रों का मार्च, देवेंद्र महतो बोले- ‘यहां खून नहीं बहना चाहिए’

सरकार का दावा- 98 फीसदी मांगें मानीं

इससे पहले रविवार को सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच कई दौर की बातचीत हुई थी। सरकार का दावा है कि छात्रों की करीब 98 फीसदी मांगें मान ली गई हैं। इनमें 14वीं JPSC PT और ACF परीक्षा रद्द करने, TDPL एजेंसी की परीक्षाओं की जांच और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने जैसे फैसले शामिल हैं।

हालांकि, छात्रों ने सरकार के आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होने की बात कहते हुए आंदोलन जारी रखने का फैसला किया। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button