
Lifestyle Update: आज के समय में हाई ब्लड प्रेशर यानी हाई BP की समस्या तेजी से बढ़ रही है। खराब लाइफस्टाइल, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं। कई लोग ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए केवल दवाओं और नमक कम खाने पर निर्भर रहते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि रोजमर्रा की कुछ अच्छी आदतें अपनाकर भी हाई BP को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
रोजाना ब्लड प्रेशर मॉनिटर करें
अगर आपको हाई BP की शिकायत है तो नियमित रूप से ब्लड प्रेशर चेक करना जरूरी है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि किस समय बीपी ज्यादा बढ़ता है और कौन सी आदतें इसे प्रभावित कर रही हैं। लगातार हाई BP रहने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
वजन नियंत्रित रखना जरूरी
मोटापा हाई ब्लड प्रेशर का एक बड़ा कारण माना जाता है। वजन बढ़ने से हृदय पर दबाव बढ़ता है, जिससे बीपी हाई हो सकता है। हेल्दी डाइट, नियमित वॉक और संतुलित दिनचर्या अपनाकर वजन को नियंत्रित रखा जा सकता है।
रोज करें स्ट्रेचिंग और एक्सरसाइज
शारीरिक गतिविधियां ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रोजाना हल्की एक्सरसाइज, योग और स्ट्रेचिंग करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और नसों की लचीलापन बनी रहती है।
हेल्दी और बैलेंस डाइट लें
हाई BP के मरीजों को तली-भुनी और ज्यादा प्रोसेस्ड चीजों से बचना चाहिए। हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त भोजन को डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
ज्यादा नमक खाने से बचें
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार एक दिन में 5 से 6 ग्राम से ज्यादा नमक का सेवन नहीं करना चाहिए। अधिक नमक शरीर में पानी की मात्रा बढ़ाता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। खाने में ऊपर से नमक डालने की आदत छोड़ देना बेहतर माना जाता है।
शराब और स्मोकिंग से दूरी बनाएं
स्मोकिंग और शराब दोनों ही हाई BP के खतरे को बढ़ाते हैं। धूम्रपान छोड़ने और शराब का सेवन कम करने से दिल की सेहत में सुधार आता है और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।
तनाव कम करना भी जरूरी
मानसिक तनाव भी हाई BP का एक बड़ा कारण बन सकता है। मेडिटेशन, योग और रिलैक्सेशन तकनीकों को अपनाकर तनाव को कम किया जा सकता है। रोजाना कुछ समय खुद के लिए निकालना मानसिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।
पर्याप्त नींद लें
अच्छी और पूरी नींद शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है। रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेने से तनाव कम होता है और ब्लड प्रेशर संतुलित रहता है। सोने से पहले मोबाइल और टीवी से दूरी बनाना भी फायदेमंद हो सकता है।
हालांकि, अगर आपका ब्लड प्रेशर लगातार हाई रहता है तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। किसी भी घरेलू उपाय या लाइफस्टाइल बदलाव को अपनाने से पहले विशेषज्ञ से परामर्श जरूर करें।
Written By: Anushri Yadav


