BREAKING: 15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप, हाई कोर्ट-IGI एयरपोर्ट समेत कई जगहों पर अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली के कई अहम ठिकानों को धमकी भरे ईमेल और कॉल मिले। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं, अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

BREAKING: स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले राजधानी दिल्ली में बम धमकी की खबर से हड़कंप मच गया। दिल्ली हाई कोर्ट, IGI एयरपोर्ट, दिल्ली मेट्रो समेत कई महत्वपूर्ण जगहों को धमकी भरे ईमेल और फोन कॉल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। फायर सर्विस की टीमों को भी अलग-अलग जगहों पर भेजा गया। शुरुआती जांच में अभी तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

दिल्ली हाई कोर्ट को आया धमकी भरा ईमेल

दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल के सब्जेक्ट में दिल्ली हाई कोर्ट में धमाके का समय दोपहर 2:11 बजे बताया गया था। ईमेल में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली में कई जगहों पर धमाके किए जाने की बात कही गई थी।

धमकी भरे संदेश में खालिस्तान का भी जिक्र किया गया था। ईमेल मिलने के बाद हाई कोर्ट प्रशासन ने तुरंत दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी।

इन जगहों को भी मिली धमकी

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी बम धमकी मिली। इनमें जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट स्थित SDM ऑफिस शामिल हैं।

धमकी की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की गाड़ियां और सुरक्षा टीमें संबंधित स्थानों पर भेजी गईं। सभी जगहों पर तलाशी और सुरक्षा जांच की गई।

ईमेल में दिल्ली के कई इलाकों का जिक्र

धमकी भरे ईमेल में दिल्ली हाई कोर्ट में दोपहर 2:11 बजे और जिला अदालत में 3:11 बजे धमाके की चेतावनी का दावा किया गया था। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो और रेलवे ट्रैक को लेकर भी धमकी दी गई।

ईमेल में ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस ईमेल की भाषा, तकनीकी जानकारी और इसके स्रोत की जांच कर रही है।

Supreme Court: छात्रों के विरोध पर CJI सूर्यकांत सख्त, BCI से पूछा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन से कौन रोक सकता है?

साइबर टीम भी जांच में जुटी

धमकी के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस की साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है।

सुरक्षा एजेंसियां धमकी को लेकर हर एंगल से जांच कर रही हैं। हालांकि, अब तक की तलाशी में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। ऐसे में एक साथ कई महत्वपूर्ण स्थानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button