Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, डॉ. नीरज त्रिपाठी बोले- अपराधियों में खत्म हो गया पुलिस का डर

महोबा घटना से लेकर प्रतापगढ़ की लूट तक, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Pratapgarh News: जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और भाजपा सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है।

डॉ. नीरज त्रिपाठी ने महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा का अपहरण कर कई दिनों तक बंधक बनाकर अमानवीय व्यवहार किया गया, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के घर तक नहीं पहुंचा।

अजय राय को रोकने पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के परिवार का दुख साझा करने जा रहे थे, तब भाजपा सरकार ने उन्हें रोकने का हर संभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों की मदद करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने में लगी हुई है।

उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि अगर सरकार में साहस है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मिड डे मील, सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों और मनरेगा तक में भ्रष्टाचार चरम पर है।

‘काम लो, चंदा दो’ की नीति पर चल रही सरकार

डॉ. त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार “काम लो, चंदा दो” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी का करोड़ों रुपये बकाया माफ करने के मामले को भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार ईडी, आयकर विभाग और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाती रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर निष्पक्ष जांच हो जाए तो भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार की सच्चाई सामने आ जाएगी।

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ SP दीपक भूकर ने शनिदेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

प्रतापगढ़ में लगातार बढ़ रही लूट और चोरी की घटनाएं

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रतापगढ़ जिले की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कई बड़ी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है।

उन्होंने बताया कि अंतू थाना क्षेत्र के गड़वारा इलाके में एक ही रात सात घरों में चोरी हुई और लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया गया। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई बड़ी लूट और चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

जनता की आवाज उठाती रहेगी कांग्रेस

डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश और जनपद में बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

इस अवसर पर जिला प्रवक्ता मासूम हैदर एडवोकेट सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button