
CM Yogi in Lucknow: Yogi Adityanath ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ को 413 करोड़ रुपये की 342 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ ‘स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि जनता ने पहली बार प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा को मेयर पद की जिम्मेदारी सौंपी, जिसके परिणामस्वरूप नगर निकायों में विकास और स्वच्छता के नए मॉडल देखने को मिले। उन्होंने कहा कि विकास पर खर्च होने वाला पैसा जनता का है और सरकार केवल उसका सही नियोजन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ नगर निगम की स्वच्छता रैंकिंग का जिक्र करते हुए नागरिकों से शहर को देश में नंबर-1 बनाने की अपील की। उन्होंने गीला-सूखा कूड़ा अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीएम ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल, ग्रीन कॉरिडोर, मेट्रो और नगर निगम की अन्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान को केंद्र में रखकर काम कर रही है।
सीएम योगी ने ऊर्जा संकट, बिजली खपत और नगरीय विकास योजनाओं पर भी चर्चा करते हुए जनता से सहयोग की अपील की।



