
Chandauli News-जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकासखंड नियामताबाद की ग्राम पंचायत बरहुली में आयोजित स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी और मौके पर मौजूद गर्भवती महिलाओं व अन्य लाभार्थियों से बातचीत कर सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए पूछा कि उन्हें नियमित रूप से आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और परामर्श मिल रहा है या नहीं। इसके साथ ही नवजात बच्चों के टीकाकरण, सैम-मैम श्रेणी के बच्चों की पहचान एवं जांच और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान लाभार्थी निशा देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि गांव में समय-समय पर टीकाकरण के साथ खान-पान और गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक सुझाव भी दिए जाते हैं।
नालियों की बदहाल स्थिति देख डीएम नाराज
गांव के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जर्जर नालियों, जगह-जगह फैली गंदगी और साफ-सफाई की समस्या की शिकायत की। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर गांव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियों में सिल्ट जमा मिली और कुछ नालियां क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मौके से ही जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) से फोन पर बात की और गांव की स्थिति से अवगत कराया।
डीएम ने निर्देश दिया कि गांव में विशेष अभियान चलाकर नालियों की पूरी तरह सफाई कराई जाए। क्षतिग्रस्त नालियों की तत्काल मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि स्वच्छता और ग्रामीणों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Read Also-Chandauli News-छात्र छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक



