
Bollywood News: फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा एक बार फिर मुंबई के अंडरवर्ल्ड और पुलिस की दुनिया को केंद्र में रखकर कहानी पेश करने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी अगली क्राइम-थ्रिलर फिल्म का नाम ‘पुलिस कंपनी’ बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी मुंबई पुलिस के चर्चित अधिकारी और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक के जीवन से प्रेरित होगी।
राम गोपाल वर्मा इससे पहले ‘कंपनी’ (2002) और ‘डी कंपनी’ (2021) जैसी फिल्मों के जरिए मुंबई के अपराध जगत की कहानी पर्दे पर दिखा चुके हैं। ऐसे में ‘पुलिस कंपनी’ को इसी सिलसिले की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
हर्षवर्धन राणे बनेंगे दया नायक
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे दया नायक की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। टी-सीरीज के साथ मिलकर तैयार की जा रही इस परियोजना का प्री-प्रोडक्शन शुरू होने की खबर है। वहीं फिल्म की शूटिंग अगस्त के तीसरे सप्ताह से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि राम गोपाल वर्मा ने अपनी पिछली परियोजना ‘सिंडिकेट’ को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने के बाद इस नए प्रोजेक्ट पर अपना फोकस बढ़ाया है।
गांव से मुंबई पुलिस तक का सफर
फिल्म की कहानी दया नायक के जीवन के संघर्षों और पुलिस सेवा के लंबे सफर पर आधारित होगी। मंगलुरु के एक छोटे से गांव से निकलकर मुंबई पुलिस में अपनी पहचान बनाने तक का उनका सफर कहानी का अहम हिस्सा बताया जा रहा है।
फिल्म में उनके करीब तीन दशक लंबे पुलिस करियर, अपराध जगत के खिलाफ चलाए गए अभियानों और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े उतार-चढ़ाव को भी जगह मिलने की उम्मीद है। हालांकि फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
हर्षवर्धन राणे के पास कई बड़े प्रोजेक्ट
हर्षवर्धन राणे इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। हालिया फिल्मों में अपने काम से दर्शकों का ध्यान खींचने के बाद उनके पास कई महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट बताए जा रहे हैं। इनमें ‘फोर्स 3’, ‘यूनिफॉर्म’ और ‘सिला’ जैसे नाम शामिल हैं। ऐसे में दया नायक जैसे वास्तविक पुलिस किरदार को पर्दे पर निभाना उनके लिए एक अलग तरह की चुनौती होगी।



