
Badshah Tatiri Song: पंजाबी रैपर और सिंगर Badshah एक बार फिर अपने चर्चित गाने ‘टटीरी फिर से’ के साथ सुर्खियों में आ गए हैं। पहले विवादों में घिरे गाने ‘टटीरी’ के बाद अब उन्होंने इसमें बदलाव कर नया वर्जन रिलीज किया है। इस नए संस्करण में आपत्तिजनक शब्दों और कुछ विवादित दृश्यों को हटाकर गाने को नए अंदाज में पेश किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस बार गाने के लिरिक्स में कई जरूरी बदलाव किए गए हैं। पहले वर्जन में मौजूद कुछ रैप हिस्सों को पूरी तरह हटा दिया गया है, जिन पर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगा था। इसके अलावा वीडियो में दिखाए गए कुछ सीन, जैसे स्कूल ड्रेस में डांस कर रही लड़कियां और बस से जुड़े दृश्य, भी हटा दिए गए हैं। नए वर्जन में हरियाणा की पारंपरिक झलक, बुजुर्गों के स्वैग और नए डांस मूव्स को शामिल कर गाने को अलग रूप देने की कोशिश की गई है।
इस गाने में हरियाणवी संस्कृति और आधुनिक हिप-हॉप का मिश्रण देखने को मिल रहा है। बॉक्सिंग खिलाड़ी Simran Jaglan की आवाज ने भी ट्रैक को खास पहचान दी है। खुद बादशाह ने इस गाने को संस्कृति, ताकत और स्वैग का मेल बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक खास एहसास है।
गौरतलब है कि पहले रिलीज हुए ‘टटीरी’ गाने को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। महिलाओं से जुड़े आपत्तिजनक शब्दों और सरकारी स्कूल की ड्रेस व बसों के उपयोग को लेकर मामला हरियाणा तक पहुंचा था। इस विवाद के चलते Haryana State Women’s Commission ने सख्त रुख अपनाया था, जिसके बाद सिंगर को माफी भी मांगनी पड़ी थी और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
अब ‘टटीरी फिर से’ के रिलीज होने के बाद यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस नए वर्जन को पसंद कर रहे हैं और इसे हरियाणा का एक नया डांसिंग नंबर बता रहे हैं।
Written By: Kalpana Pandey



