Asian-Games: एशियाई खेल : पीवी सिंधु क्वार्टर फाइनल में हारीं, बैडमिंटन में भारत का सफर खत्म

Asian Games: PV Sindhu loses in the quarter-finals; India's badminton campaign ends.

Asian-Games:जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियाई खेलों में रविवार को भारत को बैडमिंटन में निराशा हाथ लगी। महिला एकल में दिग्गज खिलाड़ी पीवी सिंधू कड़े मुकाबले में हार गईं, जबकि युवा खिलाड़ी उन्नति हुड्डा को भी महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। महिला युगल और मिश्रित युगल में भी भारत को हार मिली।

बैडमिंटन के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु चीन की चेन यू फेई से कड़े मुकाबले में 21-11, 18-21, 10-21 से हार गईं। मुकाबले में सिंधु ने शानदार शुरुआत की और पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया।

हालांकि, दूसरे गेम में चेन यू फेई ने जोरदार वापसी की। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने 21-18 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में चेन ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और 21-10 से गेम जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

सिंधु ने एशियाई खेलों के इस संस्करण में राउंड ऑफ 32 में चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियान को 21-19, 21-14 से हराया था। इसके बाद उन्होंने राउंड ऑफ 16 में जापान की टोमोका मियाजाकी को 21-9, 21-13 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। सिंधु ने एशियाई खेलों में अब तक दो पदक जीते हैं, लेकिन इस बार उनका तीसरा पदक जीतने का सपना क्वार्टर फाइनल में टूट गया।

उन्नति ने यामागुची को दी कड़ी चुनौतीमहिला एकल के एक अन्य क्वार्टर फाइनल में 19 वर्षीय उन्नति हुड्डा को जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ 16-21, 21-14, 17-21 से हार झेलनी पड़ी। उन्नति ने दुनिया की शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल यामागुची को कड़ी चुनौती दी, लेकिन निर्णायक गेम में जापानी खिलाड़ी ने बाजी मार ली। उन्नति ने इससे पहले राउंड ऑफ 32 में मलेशिया की लिंग चिंग वोंग को 21-14, 20-22, 21-19 से हराया था। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया की कुसुमा वर्दानी को 21-19, 21-13 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था।

महिला और मिश्रित युगल में भी मिली हारइससे पहले भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को महिला युगल क्वार्टर फाइनल में मलेशिया की थिनाह मुरलीथरन और पर्ली टैन ने 21-18, 21-9 से हराया। वहीं मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में तनिशा क्रैस्टो और ध्रुव कपिला को चीन की जोड़ी यान जे फेंग और डोंगपिंग हुआंग के खिलाफ 14-21, 21-18, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा।

Read Also:Pratapgarh News: हिरासत में युवक की मौत पर डॉ. आरके वर्मा ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, परिजनों को दी एक लाख की सहायता

Show More

Related Articles

Back to top button