
CJP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी बीच अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी अपनी संगठनात्मक तैयारियों को आगे बढ़ाया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश समेत देश के 10 राज्यों में प्रभारी नियुक्त किए हैं। खास बात यह है कि इन राज्यों में सबसे अधिक जिम्मेदारियां उत्तर प्रदेश में सौंपी गई हैं। हालांकि, संगठन ने साफ कर दिया है कि उसका विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने खुद को राजनीतिक दल के बजाय एक ‘पॉलिटिकल प्रेशर ग्रुप’ बताया है। संगठन का कहना है कि उसका उद्देश्य चुनावी राजनीति में उतरना या सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके वादों और जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाना है। सीजेपी का जोर उन मुद्दों को उठाने पर रहेगा, जिन पर जनप्रतिनिधियों ने जनता से वादे किए हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया है।
उत्तर प्रदेश में 16 लोगों को सौंपी जिम्मेदारी
सीजेपी ने उत्तर प्रदेश में अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए ‘उत्तर प्रदेश स्टेट को-ऑर्डिनेशन कमेटी’ का गठन किया है। इस समिति में कुल 16 प्रभारियों को शामिल किया गया है। इनमें आकाश भडाना, अनुज भडाना, दानिश रज़िक, धीरज पासवान, गजेंद्र सिंह, गजेंद्र गुज्जर, मधु किरन, प्रेमपाल सिंह, राहुल चौरसिया, साजिया खान, श्रीकांत, शुभम वर्मा, सुशोभित जयंत, तुरणी कुमार, उदयकांत और विकास चौरसिया के नाम शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में प्रभारियों की सबसे अधिक संख्या को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, सीजेपी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन नियुक्तियों का मकसद चुनावी उम्मीदवार तैयार करना या मतदाताओं से समर्थन जुटाना नहीं है।
उत्तराखंड में भी बनाई छह सदस्यीय टीम
उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी संगठन ने अपनी टीम तैयार की है। वहां छह लोगों को प्रभारी बनाया गया है। इनमें अंजली कांडपाल, जाह्नवी मेहरा, सक्षम जायसवाल, संयम देवली, शिवांशी बिस्वास और युवराज सिंह शामिल हैं।
इन दो राज्यों के अलावा सीजेपी ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और बिहार में भी प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही नॉर्थ ईस्ट जोन में भी संगठन ने जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस तरह पार्टी ने कुल 10 राज्यों और क्षेत्रों में अपना समन्वय नेटवर्क तैयार करने की पहल की है।
चुनावी राजनीति से दूरी बनाए रखने का दावा
सीजेपी के तीन प्रमुख सदस्य अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास ने भी फिलहाल सक्रिय चुनावी राजनीति में आने की संभावना से इनकार किया है। संगठन का कहना है कि वह वर्तमान में भी और भविष्य में भी खुद को राजनीतिक प्रेशर ग्रुप के रूप में ही बनाए रखना चाहता है। उसका राजनीतिक दल के रूप में स्थापित होने का कोई प्रस्तावित कार्यक्रम नहीं है।
सीजेपी की रणनीति निर्वाचित प्रतिनिधियों के कामकाज पर नजर रखने और जनता से किए गए वादों को लेकर उनसे जवाब मांगने की है। संगठन का मानना है कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान जनता के प्रति जवाबदेह भी रहना चाहिए।
यूपी चुनाव से पहले बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे समय में सीजेपी की ओर से प्रदेश में 16 प्रभारियों की नियुक्ति चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, संगठन ने चुनाव लड़ने से स्पष्ट दूरी बनाई है, लेकिन उसका विस्तृत नेटवर्क आने वाले समय में जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक मुद्दों को लेकर किस तरह सक्रिय होगा, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।
written by Siddhi Srivastava



