
Chhath Puja: राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व की भव्यता और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। रविवार को चार दिवसीय पर्व के तीसरे दिन लाखों श्रद्धालु विभिन्न घाटों और यमुना तट पर पहुंचे। व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
राजधानी के आईटीओ स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। यहां करीब एक लाख लोगों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते-होते बड़ी संख्या में व्रती और उनके परिजन पूजा सामग्री लेकर पहुंचने लगे। फल, फूल, सूप और अन्य पूजन सामग्री के साथ घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से सूर्यदेव की उपासना की।
दिल्ली में तैयार किए गए 1400 से अधिक घाट
छठ पर्व के आयोजन को लेकर इस बार दिल्ली में व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजधानी में 1400 से अधिक छठ घाट तैयार कराए गए। इन घाटों पर महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। परिवार के साथ पूजा करने पहुंचे लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह रहा।
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान व्रती जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं और सूर्यदेव से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य की उपासना से जीवन में तेज, यश और वैभव की प्राप्ति होती है।
दंडवत करते हुए घाट पहुंचे व्रती
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था भी देखने को मिली। कई व्रती अपने घरों से छठ घाट तक पूरे रास्ते दंडवत करते हुए पहुंचे। इस दौरान रास्ते में मौजूद लोगों ने व्रतियों को स्पर्श कर प्रणाम किया। श्रद्धालुओं के बीच इसे पुण्य और आशीर्वाद प्राप्त करने की भावना से जुड़ी परंपरा के रूप में देखा गया।
संध्या अर्घ्य के बाद घाटों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। व्रतियों ने भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार के कल्याण की कामना की। पर्व के आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी ने राजधानी के घाटों को उत्सवमय बना दिया।
सोमवार सुबह उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
छठ महापर्व का अंतिम चरण सोमवार सुबह पूरा होगा। व्रती सूर्योदय के समय घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत और सूर्य उपासना के महापर्व का समापन हो जाएगा। दिल्ली में छठ को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह और घाटों पर उमड़ी भीड़ पर्व की व्यापकता को दर्शाती नजर आई।
written by Siddhi Srivastava



