Chhath Puja 2026: PM मोदी ने देशवासियों को दी छठ की शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन, अमित शाह समेत इन नेताओं ने भी दी बधाई

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत पर पीएम मोदी ने सभी व्रतियों को नमन किया। अमित शाह, सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी दी बधाई।

Chhath Puja 2026: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व को लेकर देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी छठ व्रतियों को नमन करते हुए छठी मैया से हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी लोगों को इस महापर्व की बधाई दी है।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के शुभारंभ पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपनी शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में छठ व्रतियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। छठ पूजा को देश की समृद्ध लोक परंपराओं और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं।

अमित शाह ने भी दी नहाय-खाय की बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लोक आस्था के महापर्व छठ का आरंभ आज नहाय-खाय से हो रहा है। सभी को विशेषकर छठ व्रतियों को नहाय-खाय की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मैया सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।”

अमित शाह ने अपने संदेश में विशेष रूप से छठ व्रतियों को शुभकामनाएं दीं और छठी मैया से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की।

सीएम सम्राट चौधरी ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छठ महापर्व के पहले दिन लोगों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “लोक आस्था, पवित्रता एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के प्रथम दिन नहाय-खाय की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनी रहे। जय छठी मैया।”

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के जरिए प्रदेश और देश के लोगों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की। बिहार में छठ पूजा का विशेष सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है। यहां इस पर्व को लेकर घाटों से लेकर घरों तक तैयारियां की जाती हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने भी दी पर्व की शुभकामनाएं

बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने भी नहाय-खाय के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सूर्य उपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय की समस्त बिहारवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की कृपा से आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और खुशहाली लेकर आए। जय छठी मैया!”

उनके संदेश में छठ पूजा को स्वास्थ्य, सकारात्मकता और समृद्धि से जोड़ते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की गई।

Chhath Puja 2026: नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ आस्था का महापर्व छठ, गंगा घाटों पर उमड़ी व्रतियों की भीड़, जानें चार दिनों का पूरा कार्यक्रम

नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व

गौरतलब है कि छठ पूजा की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। यह पर्व शुद्धता, पवित्रता और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है। पहले दिन व्रती सुबह स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं और पूरी पवित्रता के साथ भोजन तैयार करते हैं। इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाने की परंपरा है। कई स्थानों पर इसे मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार किया जाता है।

सबसे पहले छठी मैया को भोग लगाया जाता है और फिर व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाता है। नहाय-खाय के बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ यह महापर्व संपन्न होता है। छठ पूजा में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। यही परंपरा इस पर्व को विशेष बनाती है।

Show More

Related Articles

Back to top button