Business News-ऊपरी स्तर से क्यों लुढ़का शेयर बाजार, मार्केट एक्सपर्ट्स ने बताई वजह

Business News – Why did the stock market slip from its highs? Market experts explain the reason.

Business News- घरेलू शेयर बाजार में आज दिनभर के कारोबार के दौरान लगातार जोरदार उतार-चढ़ाव होता रहा। मुनाफा वसूली के दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार रखने में नाकाम रहे। आज के कारोबारी सत्र के दौरान शेयर बाजार पिछले आठ महीने के ऊपरी स्तर को छूने में सफल रहा लेकिन उसके बाद ऊपर स्तर पर मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांक ऊपरी स्तर से नीचे लुढ़क गए। बिकवाली के दबाव के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स अपने दिन के ऊपरी स्तर से करीब 400 अंक से अधिक नीचे फिसल गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी ऊपरी स्तर से 85 अंक से अधिक टूट कर 25,300 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे बंद हुआ।

आज के कारोबार की समाप्ति पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स महज 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 81,911.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि दिन के कारोबार में खरीदारी के जोर से यह सूचकांक उछल कर 82,325.61 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की हल्की तेजी के साथ 25,299.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ने भी 25,384.80 अंक के ऊपरी स्तर को छुआ था लेकिन अंतिम सत्र की बिकवाली ने इसकी रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।

बाजार के जानकारों के अनुसार, इस गिरावट और बढ़त गंवाने के पीछे सबसे बड़ी वजह ऊपरी स्तर पर हुई मुनाफावसूली रही। धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंड प्रशांत धामी का कहना है कि नवंबर के महीने में विदेशी संस्थागत निवेशकों की मजबूत खरीदारी के दम पर निफ्टी और सेंसेक्स में अब तक क्रमशः 9.6 प्रतिशत और 10 प्रतिशत की जोरदार तेजी आ चुकी है। पिछले बारह कारोबारी सत्रों में निफ्टी 50 सूचकांक तीन हजार अंक से भी ज्यादा की छलांग लगा चुका है। ऐसे में आठ महीने की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद निवेशकों और ट्रेडर्स ने अपने मुनाफे को सुरक्षित करना ही बेहतर समझा।

इस तरह ब्रोकरेज फर्म चॉइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर का मानना है कि दिन के ऊपरी स्तर से बाजार का इस तरह नीचे आना शॉर्ट टर्म प्रॉफिट बुकिंग का स्पष्ट संकेत है। पिछले कारोबारी दिन बुधवार को भी बाजार दिन के ऊपरी स्तरों से फिसलकर बंद हुआ था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विदेशी निवेशकों की मजबूत भागीदारी और बैंकिंग शेयरों की निरंतर मजबूती के कारण बाजार का बुनियादी ढांचा अभी भी सकारात्मक बना हुआ है।

शेयर बाजार की बढ़त को सीमित करने में आईटी, फार्मा और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में हुई बिकवाली ने भी बड़ी भूमिका निभाई। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों में लगातार दूसरा दिन कमजोरी का रुख जारी रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस के शेयरों में करीब एक-एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एफएमसीजी दिग्गज नेस्ले इंडिया करीब दो प्रतिशत टूट कर निफ्टी का सबसे बड़ा लूजर साबित हुआ।

प्रशांत धामी के अनुसार हैवीवेट कंपनियों के दबाव ने भी प्रमुख सूचकांकों को ऊपर टिकने नहीं दिया। दूरसंचार क्षेत्र की बड़ी कंपनी भारती एयरटेल और ऑटोमोबाइल दिग्गज महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी करीब एक से दो प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टूब्रो भी आधे प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुई। इन बड़े शेयरों में आई बिकवाली ने बाजार के शुरुआती उत्साह को पूरी तरह ठंडा कर दिया।

आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सेंसेक्स की साप्ताहिक एक्सपायरी का दिन होने के कारण भी बाजार में अस्थिरता काफी बढ़ी हुई थी। एक्सपायरी से जुड़े सौदों के निपटारे के चलते इंट्रा-डे कारोबार के दौरान तेज झटके महसूस किए गए। जानकारों के अनुसार, वीकली एक्सपायरी के दिन उतार-चढ़ाव अधिक रहना स्वाभाविक है। प्रशांत धामी के मुताबिक, बाजार में आगे की तेजी के लिए निफ्टी का 25,300 अंक के स्तर के ऊपर मजबूती से टिकना बेहद जरूरी है।

हालांकि, चौतरफा बिकवाली के इस दबाव के बीच गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और बीमा क्षेत्र के शेयरों ने बाजार को पूरी तरह लाल निशान में जाने से बचा लिया। एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, श्रीराम फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयरों में दो से चार प्रतिशत तक की शानदार तेजी दर्ज की गई। बीमा कंपनियों के साथ-साथ सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंकों ने भी बाजार को निचले स्तरों पर मजबूत सहारा प्रदान किया। भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर आधे से डेढ़ प्रतिशत तक की बढ़त के साथ बंद हुए, जिससे निफ्टी बैंक सूचकांक मजबूती दर्ज करने में सफल रहा।

टेक्निकल लेवल की बात करें तो विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी में नई तेजी के लिए इसका 25,400 अंक के स्तर को पार करना जरूरी है। बजाज ब्रोकिंग के वाइस प्रेसिडेंट पबित्रो मुखर्जी के अनुसार, ऊपरी स्तर पर 25,500 अंक के आसपास बाजार को कड़े रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। यदि निफ्टी 50 सूचकांक इस स्तर को पार करने में विफल रहता है तो आने वाले दिनों में बाजार 24,700 से 25,500 अंक के दायरे में ही सीमित रह सकता है। वहीं निफ्टी का 25,200 अंक के स्तर से नीचे फिसलना इंट्रा-डे मुनाफावसूली को बढ़ावा देता है। उनके अनुसार, बाजार को किसी बड़ी गिरावट से बचाने के लिए नीचे की तरफ 25,000 अंक का स्तर एक बेहद मजबूत सपोर्ट बेस बना हुआ है। फिलहाल बाजार की समग्र दिशा सकारात्मक है इसलिए जानकारों ने निवेशकों को ऊंचे स्तरों पर खरीदारी करने के बजाय गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनाने की सलाह दी है।

Read Also-छठ पूजा पर प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, आरपीएफ ने संभाला मोर्चा

Show More

Related Articles

Back to top button