UP News : घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ने वाले देवभूमि के लोगों को बता रहे घुसपैठिया’, उत्तराखंड महोत्सव 2026 में बोले CM योगी

UP News : उत्तराखंड महोत्सव 2026 में CM योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताने वाले बयानों पर तीखा हमला बोला। जानिए पंत उपवन, वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन और देवभूमि के योगदान पर क्या कहा।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले बयानों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ते हैं और उनसे गले मिलते हैं, वही आज देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना संकुचित सोच और विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान और उत्तर प्रदेश के साथ उसके ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया।

उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड की धरती से थे। मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा जैसी नदियों का उद्गम भी उत्तराखंड से जुड़ा है। ऐसे में देवभूमि के लोगों पर अंगुली उठाना और उन्हें घुसपैठिया कहना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लोक परंपरा, संस्कृति और आस्था से कोई सरोकार नहीं है। उनकी संवेदनाएं दुर्दांत माफियाओं के साथ जुड़ी रहती हैं। माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई होने या उनके मरने पर ऐसे लोग आंसू बहाते हैं। जनता बार-बार ऐसे लोगों को जवाब देती रही है।

देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड का बड़ा योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का नौजवान देश की सीमाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है। वह यह नहीं देखता कि उसकी तैनाती उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश या राजस्थान में है। उसके लिए राष्ट्र की सुरक्षा सबसे बड़ा कर्तव्य है।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के साहस को याद करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश मिलने पर उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इसके लिए उन्हें सजा भी भुगतनी पड़ी, लेकिन उनका देशप्रेम कमजोर नहीं हुआ।

योगी ने देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं।

उत्तराखंड महापरिषद के कार्यक्रमों के लिए सुरक्षित रहेगा पंत उपवन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वस्त किया कि लखनऊ का पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन उत्तराखंड से जुड़े आयोजनों के लिए सुरक्षित रहेगा। यहां उत्तराखंड महापरिषद के कार्यक्रम निर्बाध रूप से आयोजित किए जा सकेंगे और अन्य गतिविधियां नहीं होंगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंडवासियों के साथ खड़ी है। उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उत्तराखंड महापरिषद पिछले 78 वर्षों से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोकगीत, परंपराओं और खानपान को संरक्षित करने का काम कर रही है।

‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के बाद अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’

सीएम योगी ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान और स्थानीय व्यंजनों की ब्रांडिंग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन प्राकृतिक पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर मिलेट को बढ़ावा मिलने के बाद कोदो और झंगोरा जैसे अनाजों के प्रति लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। कुल्थ की दाल जैसे पारंपरिक व्यंजनों की भी अपनी अलग पहचान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के बाद अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ यानी एक जिला एक व्यंजन अभियान को प्रोत्साहित कर रही है। इससे स्थानीय खानपान और पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान मिलेगी।

जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वालों से रहें सावधान

मुख्यमंत्री ने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंचप्रण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत पर गर्व, गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति, सेना और सुरक्षाबलों का सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन विकास के प्रमुख आधार हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और कैंची धाम की तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत हैं। समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाले तत्वों से सावधान रहने की जरूरत है।

अयोध्या और काशी के विकास का किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि पहले अयोध्या में अंधेरा और गंदगी रहती थी, लेकिन आज अयोध्या और काशी जगमगा रही हैं। प्रदेश में भव्य दीपोत्सव और दिव्य कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्य की श्रेणी में था, लेकिन अब देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। प्रदेश में माफिया के वर्चस्व को भी समाप्त किया गया है।

दो विभूतियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान

उत्तराखंड महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की प्रसिद्ध लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक ‘विकसित भारत श्रेष्ठ भारत’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के बाल कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और गुरु गोरखनाथ जागर की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button