UP Election : 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश यादव, जानिए क्या है बड़ी वजह

UP Election : अखिलेश यादव ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में खुद नहीं उतरने का ऐलान किया। बोले- जो हमारे लिए शुभ होगा, वही करेंगे। जानिए सपा प्रमुख ने क्यों लिया यह फैसला।

UP Election : उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में खुद मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि पार्टी के अन्य नेताओं को चुनाव लड़वाएंगे। वाराणसी में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने अपने इस फैसले के पीछे शुभ-अशुभ से जुड़ी मान्यता का हवाला दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि वह शुभ-अशुभ को मानते हैं और इस बार वही करेंगे, जो उनके लिए पहले शुभ साबित हुआ है। उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

2022 के चुनाव का दिया उदाहरण

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ा था और जीत भी हासिल की थी, लेकिन पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। समाजवादी पार्टी 202 सीटों का आंकड़ा हासिल नहीं कर सकी थी। इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने इस बार खुद चुनाव लड़ने के बजाय पार्टी के दूसरे नेताओं को मौका देने का फैसला किया है।

अखिलेश यादव ने वर्ष 2012 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उस समय वह लोकसभा सांसद रहते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने इसी घटनाक्रम को अपने लिए शुभ बताते हुए कहा कि इस बार भी वह उसी रास्ते पर चलेंगे।

चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन रणनीति की कमान रहेगी अखिलेश के हाथ

अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद समाजवादी पार्टी में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, चुनावी मैदान में प्रत्याशी के रूप में उतरने से अलग उनकी भूमिका पार्टी के चुनाव प्रचार, उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण रहने की संभावना है।

2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की रणनीति क्या होगी और अखिलेश यादव किन नेताओं को चुनाव मैदान में उतारेंगे, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं। उनके इस फैसले को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button