Varanasi News-यूपी में जदयू के विस्तार की तैयारी, वाराणसी में 01 नवंबर को होगा कार्यकर्ता सम्मेलन

Varanasi News: Preparations underway for JDU's expansion in UP; a party workers' convention to be held in Varanasi on November 1st.

Varanasi News- उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक विस्तार की रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगामी एक नवंबर को वाराणसी के करौता बाजार स्थित रामलीला मैदान में पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार,संजय झा,केन्द्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता जुटेंगे। इसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतिश कुमार भी शामिल हो सकते है। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा होगी।

सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार वाराणसी पहुंचे। जिले में चक्रवाती तूफान के कारण विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने सम्मेलन की रूपरेखा और पार्टी की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

श्रवण कुमार ने बताया कि रामलीला मैदान में होने वाले सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल स्थापित करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने और पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों तथा विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक न्याय, शिक्षा, विकास, सुशासन और शराबबंदी जैसे मुद्दों पर पार्टी का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान बिहार में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित साइकिल योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए श्रवण कुमार ने शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने और समाज के सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न स्तरों पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। सम्मेलन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने तथा जनसंपर्क गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर जदयू के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप और प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read Also-ध्रुपद गायन और छपेली नृत्य ने मोहा मन

Show More

Related Articles

Back to top button