
Lucknow News-डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आर.एम.एल.आई.एम.एस.), लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के वर्ष 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान के अकादमिक ब्लॉक की दसवीं मंजिल स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने नर्सिंग पेशे के प्रति सेवा, समर्पण, ईमानदारी और जिम्मेदारी के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी.एम. सिंह मुख्य अतिथि तथा अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के डीन ऑफ नर्सिंग प्रो. (डॉ.) अशोक बिश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा डीन प्रो. डॉ. राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह, कार्यकारी कुलसचिव प्रो. (डॉ.) सुब्रत चंद्रा, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार मुडगल और उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल सहित संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।
समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् से हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्वलन किया गया, जो ज्ञान, आशा और करुणा का प्रतीक रहा। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार मुडगल ने स्वागत भाषण में नर्सिंग शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक नैतिकता, मानवीय गरिमा और संवेदनशील रोगी देखभाल को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न बैचों और सेमेस्टरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए कॉलेज की ओर से आयोजित मॉक टेस्ट श्रृंखला का भी उल्लेख किया गया।
संस्थान के लिए गौरव की बात रही कि वर्ष 2021 के प्रथम बैच के दो विद्यार्थियों ने इस वर्ष नर्सिंग ऑफिसर भर्ती सामान्य पात्रता परीक्षा (NORCET) उत्तीर्ण कर चयन प्राप्त किया। इसे विद्यार्थियों की मेहनत और संस्थान में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रयासों की उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया।
नर्सिंग पेशे में सेवा और संवेदनशीलता महत्वपूर्ण
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने संबोधन में नर्सिंग शिक्षा, व्यावसायिक विकास तथा भावी नर्सिंग पेशेवरों की जिम्मेदारियों पर विचार रखे। उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र में ज्ञान, अनुशासन, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। इसके बाद अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती लीना पी. जॉन और श्रीमती वर्षा द्विवेदी ने किया। अंत में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के उप-प्राचार्य प्रो. निपिन कलाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
यह आयोजन विद्यार्थियों को कुशल, संवेदनशील, करुणामय और नैतिक मूल्यों से युक्त नर्सिंग पेशेवर बनाने के प्रति कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Read Also-Imran Khan News-इमरान खान ने एफआरआरओ के ‘लीव इंडिया नोटिस’ को बॉम्बे हाई कोर्ट में दी चुनौती



