
Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस, एम्बुलेंस, फोरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगला श्रीपदम गांव में हुई घटना
यह मामला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव का बताया जा रहा है। यहां महेश अपनी पत्नी ललिता और तीन बच्चों लड्डू, मिष्टी तथा साक्षात के साथ रहते थे। शनिवार सुबह परिवार के सभी पांच सदस्य संदिग्ध अवस्था में मृत पाए गए। बताया गया कि सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने घटना से पहले रात में नूडल्स खाए थे। आसपास के लोगों और महेश की मां से मिली जानकारी के आधार पर भोजन के बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में खाद्य विषाक्तता की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पांचों लोगों की मौत किस वजह से हुई। केवल नूडल्स खाने की जानकारी के आधार पर मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता। वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम वैज्ञानिक जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, अन्य पहलुओं से भी जांच
पुलिस के मुताबिक, सभी पांचों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है। मामले में अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



