New Delhi News: कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में हिंद महासागर की सुरक्षा पर मंथन, पांच देशों ने सहयोग बढ़ाने पर जताई सहमति

New Delhi News: Deliberations on Indian Ocean security at the Colombo Security Conclave; five nations agree to enhance cooperation.

New Delhi News:हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से 30 सितंबर को कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) की 9वीं डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर स्तर की बैठक आयोजित की गई। भारत की मेजबानी में हुई यह बैठक वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें बांग्लादेश, मालदीव, मॉरिशस, श्रीलंका और सेशेल्स के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सामरिक मामलों के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर ने किया। बैठक के दौरान सदस्य देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सदस्य देशों ने नई दिल्ली में आयोजित सीएससी की 7वीं नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर स्तर की बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही 2025-26 के लिए तय सहयोग और गतिविधियों के रोडमैप पर भी विचार किया गया।

सदस्य देशों ने सीएससी के सहयोग के पांच प्रमुख स्तंभों के तहत प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। बैठक में हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के क्षेत्र में आपसी साझेदारी जारी रखने पर भी सहमति बनी।

बैठक में समुद्री डकैती, तस्करी और अन्य गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों के साथ-साथ पारंपरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। सदस्य देशों ने क्षेत्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग और क्षमता निर्माण को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत की मेजबानी में हुई इस बैठक को हिंद महासागर क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक में क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षित समुद्री वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने पर जोर दिया गया।

Read Also-Rahul Gandhi Balaghat: बैगा परिवारों से मिले राहुल गांधी, बोले- बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिलना सरकार की विफलता

Show More

Related Articles

Back to top button