
Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से 2025-26 के लिए चुनाव आयोग को जमा कराई गई चंदे की रिपोर्ट में पार्टी के पूर्व प्रवक्ता और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका के नाम का भी उल्लेख सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार रांका ने इस अवधि में आम आदमी पार्टी को 21,100 रुपये का चंदा दिया था। यह चंदा उस समय दिया गया था, जब वह CJP में शामिल नहीं हुए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी को 2025-26 में कुल 12.10 करोड़ रुपये का चंदा मिला। यह राशि पिछले वित्त वर्ष में घोषित 38.10 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 68 प्रतिशत कम है। इससे पहले 2023-24 में पार्टी ने 11.06 करोड़ रुपये के चंदे की जानकारी दी थी।
रांका AAP के प्रवक्ता रह चुके हैं
आशुतोष रांका आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक हैं। AAP की ओर से चुनाव आयोग को दी गई चंदे की जानकारी में उनके 21,100 रुपये के योगदान का विवरण दर्ज है।
इन दानदाताओं ने दिए 5-5 करोड़ रुपये
AAP की रिपोर्ट में बड़े दानदाताओं का भी विवरण सामने आया है। पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता से जुड़ी प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट और ट्राइडेंट लिमिटेड ने आम आदमी पार्टी को 5-5 करोड़ रुपये का चंदा दिया था।
रिपोर्ट के अनुसार ट्राइडेंट लिमिटेड का 5 करोड़ रुपये का चेक 9 जनवरी 2026 का था। उस समय राजिंदर गुप्ता आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे। हालांकि, अप्रैल 2026 में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए।
वित्त वर्ष 2024-25 में प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट AAP का सबसे बड़ा दानदाता था। उसने उस दौरान पार्टी को 16.40 करोड़ रुपये का चंदा दिया था।
केजरीवाल और आतिशी ने भी दिया चंदा
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 10,000 रुपये की तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 30,000 रुपये का योगदान दिया। वहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने 3,500 रुपये के 12 भुगतान किए, जिनकी कुल राशि 42,000 रुपये है।
पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा के नाम पर भी 10,000 रुपये के 12 भुगतान दर्ज हैं। इस तरह उनके नाम से कुल 1.20 लाख रुपये का चंदा दर्ज किया गया।
TDP और YSR कांग्रेस के चंदे में भी कमी
चंदे की रिपोर्ट में अन्य राजनीतिक दलों की जानकारी भी सामने आई है। आंध्र प्रदेश में सत्ता में आई तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने 2025-26 में 58.25 करोड़ रुपये के चंदे की जानकारी दी है। पिछले वित्त वर्ष में पार्टी ने 83.03 करोड़ रुपये का चंदा घोषित किया था।
वहीं, आंध्र प्रदेश में सत्ता गंवा चुकी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने 2025-26 के लिए 24.31 करोड़ रुपये का चंदा घोषित किया है। 2024-25 में पार्टी ने करीब 140.04 करोड़ रुपये के चंदे की जानकारी दी थी।
ओडिशा में 2024 में सत्ता गंवाने वाले बीजू जनता दल (BJD) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में 20,000 रुपये से अधिक का कोई चंदा नहीं दिखाया है। पार्टी ने 2024-25 में करीब 60 करोड़ रुपये के चंदे की जानकारी दी थी, जिसमें अप्रैल और मई 2024 में मिले योगदान शामिल थे।



