Sports News: सचिन तेंदुलकर ने ओपनएआई के साथ की साझेदारी की घोषणा

Sports News: Sachin Tendulkar announces partnership with OpenAI.

Sports News:भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को ओपनएआई के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा की। तेंदुलकर ने कहा कि वह चैटजीपीटी के साथ नई संभावनाओं को तलाशने, अपने अनुभव साझा करने और अधिक लोगों को इस तकनीक को आजमाने के लिए प्रोत्साहित करने को लेकर उत्साहित हैं।

तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए इस साझेदारी की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि इस साझेदारी के तहत वह चैटजीपीटी के इस्तेमाल के नए तरीके तलाशेंगे और जो चीजें उन्हें उपयोगी लगेंगी, उन्हें लोगों के साथ साझा करेंगे।

सचिन तेंदुलकर ने कहा, “मैं ओपनएआई के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा करते हुए उत्साहित हूं। हमारे पास कुछ दिलचस्प चीजें आने वाली हैं और मैं उन्हें आपके साथ साझा करने का इंतजार नहीं कर सकता। मैं हमेशा से जिज्ञासु रहा हूं… एक सवाल अक्सर दूसरे सवाल की ओर ले जाता है और चैटजीपीटी ने निश्चित रूप से इस आदत को और बढ़ावा दिया है। लेकिन जब मुझे कुछ काम पूरे करने होते हैं, तब भी यह उपयोगी साबित हुआ है, जैसे परिवार के साथ मेरी पिछली यात्रा की योजना बनाना।”

उन्होंने आगे कहा, “इसी चीज को लेकर मैं इस साझेदारी के साथ उत्साहित हूं। यह जानना कि मैं चैटजीपीटी के साथ और क्या कर सकता हूं, जो मुझे उपयोगी लगता है उसे साझा करना और अधिक लोगों को इसे आजमाने के लिए प्रोत्साहित करना—ऐसी किसी चीज के साथ जिसकी उन्हें परवाह है। कोई सवाल, कोई विचार, कोई ऐसी चीज जिसे आप हमेशा से तलाशना चाहते थे। शुरुआत करने के लिए बहुत सारी संभावनाएं हैं। साथ मिलकर इसे तलाशने का इंतजार है।”

तेंदुलकर ने इस साझेदारी से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में वह चैटजीपीटी से एक खेल खेलने के लिए कहते हैं और केवल 10 सवालों की मदद से यह अनुमान लगाने को कहते हैं कि वह किसके साथ हैं। चैटजीपीटी 10 सवालों के जरिए सही जवाब तक पहुंच जाता है।

क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में शामिल तेंदुलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34,357 रन बनाए हैं। इसमें टेस्ट में 15,921, एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 18,426 और एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय में 10 रन शामिल हैं। उनके नाम 100 अंतरराष्ट्रीय शतक भी दर्ज हैं।

सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2013 तक भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला। वह 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 200 रन बनाकर एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। वह 50 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरे करने वाले पहले क्रिकेटर भी थे।

2014 में तेंदुलकर को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। वह यह सम्मान पाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

ओपनएआई के साथ तेंदुलकर की साझेदारी ऐसे समय में हुई है, जब कंपनी चैटजीपीटी के इस्तेमाल को अलग-अलग क्षेत्रों में विस्तार दे रही है। इसी महीने की शुरुआत में कंपनी ने चैटजीपीटी फॉर फाइनेंशियल सर्विसेज लॉन्च किया था, जिसका शुरुआती फोकस निवेश बैंकिंग और इक्विटी रिसर्च पर है। इसमें वित्तीय डेटा और वित्तीय मॉडलिंग से जुड़े टूल उपलब्ध कराए गए हैं।

Read Also-Gorakhpur News: वरिष्ठ अधिवक्ता केजी पांडेय को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि

Show More

Related Articles

Back to top button