New Delhi News-डूसू चुनाव में अभाविप ने अध्यक्ष समेत तीन पद बरकरार रखे, उपाध्यक्ष निर्दलीय के खाते में

New Delhi News: ABVP retains three posts, including President, in DUSU elections; Vice-President post goes to an independent candidate.

New Delhi News- दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने पिछले साल की तरह अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन विजयी हुए।

चुनाव के शनिवार को घोषित परिणामों के अनुसार, अभाविप के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर 24,576 वोट हासिल कर एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोटों के मुकाबले 2,053 वोट से हराया। अभाविप की रिया छावड़ी ने सचिव और लक्ष्यराज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की।

उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन ने 30,615 वोट हासिल कर अभाविप के इशु मौर्य (16,910) को हराया। इस तरह एनएसयूआई, जिसने 2025 में उपाध्यक्ष पद जीता था, इस बार चारों प्रमुख पदों में से किसी पर भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।

सचिव पद पर रिया छावड़ी को 21,650 वोट मिले, जबकि एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर अभाविप के लक्ष्यराज सिंह ने 16,615 वोट हासिल किए और एससीएस के विशेष यादव को 15,778 वोट मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर महज 837 वोट रहा।

इस तरह डूसू के चार प्रमुख पदों में अभाविप को तीन, निर्दलीय उम्मीदवार को एक पद मिला, जबकि एनएसयूआई का खाता नहीं खुल सका।

इस वर्ष डूसू चुनाव में 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले तीन वर्षों में सर्वाधिक है।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद डबास ने छात्रों का आभार जताते हुए कहा कि वह पूरे वर्ष उनके लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता प्रत्येक पीजी और छात्रावास का सुरक्षा ऑडिट कराना होगी, ताकि भविष्य में सत्य निकेतन जैसी घटना न हो।

संयुक्त सचिव निर्वाचित लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि अभाविप ने 12 साल बाद राजस्थान से किसी उम्मीदवार को मौका दिया और राजस्थान के विद्यार्थियों तथा सहपाठियों के समर्थन से उन्हें जीत मिली।

नवनिर्वाचित सचिव रिया छावड़ी ने जीत पर खुशी जताते हुए संगठन, विद्यार्थियों, टीम और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Read Also-Rahul Gandhi News-इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’: राहुल गांधी ने छात्रों से किया संवाद, बोले- शिक्षा हर छात्र का अधिकार

Show More

Related Articles

Back to top button