
International News: नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिए गए गाला डिनर में कूटनीति के साथ भारतीय संस्कृति और संगीत की भी खास झलक देखने को मिली। इस दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने ऐसा अंदाज दिखाया कि महफिल का माहौल ही बदल गया। उन्होंने महान गायक किशोर कुमार के मशहूर गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ को अपनी आवाज में गाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अनवर इब्राहिम के इस अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि मलेशियाई प्रधानमंत्री ने खुद इस यादगार पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। वीडियो सामने आने के बाद लोग उनके संगीत प्रेम और भारतीय सिनेमा से उनके जुड़ाव की चर्चा कर रहे हैं।
पियानो के पास पहुंचे और गाने लगे अनवर इब्राहिम
गाला डिनर के दौरान जब किशोर कुमार का यह लोकप्रिय गीत बजना शुरू हुआ, तो मलेशियाई प्रधानमंत्री खुद को रोक नहीं पाए। वह पियानो बजा रहे कलाकार के पास पहुंचे और गीत को गाने लगे। उनका यह सहज अंदाज वहां मौजूद लोगों को काफी पसंद आया।
आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में नेताओं की मुलाकातें और औपचारिक बातचीत सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन इस बार BRICS डिनर का यह संगीत वाला पल सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया। अनवर इब्राहिम का भारतीय गीत गाना दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की एक अलग तस्वीर पेश करता नजर आया।
एक्स पर खुद शेयर किया वीडियो
अनवर इब्राहिम ने इस खास पल को अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने मलय भाषा में एक हल्का-फुल्का कैप्शन भी लिखा, जिसमें गाने की अनुमति मांगने वाला अंदाज नजर आया।
वीडियो में उनका आत्मविश्वास और संगीत के प्रति उत्साह साफ दिखाई देता है। यही वजह है कि BRICS Summit से जुड़े कई औपचारिक और कूटनीतिक घटनाक्रमों के बीच यह वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स के लिए खास आकर्षण बन गया।
भारतीय संगीत से अनवर इब्राहिम का पुराना जुड़ाव
मलेशियाई प्रधानमंत्री का भारतीय संगीत के प्रति लगाव नया नहीं है। इससे पहले भी वह सार्वजनिक कार्यक्रमों में भारतीय फिल्मों के गाने गाते और उनका जिक्र करते नजर आ चुके हैं। 2024 में अपनी भारत यात्रा के दौरान भी उन्होंने किशोर कुमार के इसी गीत को गाया था।
इसी यात्रा के दौरान दिल्ली के ताज महल होटल में आयोजित एक विदाई कार्यक्रम में अनवर इब्राहिम ने महान गायक मुकेश का लोकप्रिय गीत भी गाया था। इससे पता चलता है कि हिंदी फिल्म संगीत के पुराने दौर के गीतों में उनकी खास दिलचस्पी है।
सिर्फ बॉलीवुड नहीं, दक्षिण भारतीय सिनेमा के भी प्रशंसक
अनवर इब्राहिम की पसंद केवल हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं है। उन्हें दक्षिण भारतीय सिनेमा और संगीत में भी काफी रुचि है। वह तमिल फिल्मों और वहां के दिग्गज कलाकारों के प्रशंसक रहे हैं।
फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान आयोजित एक विशेष लंच में तमिल फिल्म ‘नालाय नामाथे’ का गीत भी बजाया गया था। यह फिल्म 1975 में रिलीज हुई थी और इसमें दिग्गज अभिनेता एवं राजनेता एमजी रामचंद्रन यानी MGR ने अभिनय किया था।
उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया था कि अनवर इब्राहिम एमजीआर के बड़े प्रशंसक हैं और उन्हें तमिल गाने भी पसंद हैं। इससे दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक रिश्तों की गहराई का भी अंदाजा लगाया जा सकता है।



