Pratapgarh News: बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से प्रतापगढ़ में सरकारी बैंकों का कामकाज प्रभावित

Pratapgarh News: Operations of government banks in Pratapgarh affected by bank employees' strike.

Pratapgarh News:यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आयोजित अखिल भारतीय बैंक हड़ताल के तहत शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले के सरकारी बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इसके चलते सरकारी बैंकों में सामान्य बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा।

हड़ताल के समर्थन में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की प्रतापगढ़ मुख्य शाखा के सामने बैंक कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया और सभा आयोजित कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत कई मांगें

बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, एकतरफा और भेदभावपूर्ण पीएलआई योजना वापस लेना तथा यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से योजना में आवश्यक संशोधन करना शामिल है। इसके अलावा पेंशन अपडेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की भी मांग की गई।

सभा को संबोधित करते हुए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस प्रतापगढ़ के संयोजक नरेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि यदि मांगों पर उचित समाधान नहीं निकला तो बैंक अधिकारी और कर्मचारी 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल करेंगे। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर 2026 से देशभर के सरकारी बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

ट्रेड यूनियनों ने आंदोलन का किया समर्थन

श्रमिक नेता एवं जिला यूनियन काउंसिल के अध्यक्ष हेमंत नंदन ओझा ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। उन्होंने कहा कि बैंक यूनियनों के साथ हुए समझौतों के बावजूद उसका पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों के आंदोलन को विभिन्न कर्मचारी संगठनों और ट्रेड यूनियनों की ओर से समर्थन देने की बात कही।

सभा को बैंक ऑफ बड़ौदा से सब सिंह, एसबीआई से मनोज कुमार सिंह, कमलेश पांडेय, आयशा और शशांक, बैंक ऑफ इंडिया से जय सिंह, संजीव गुप्ता, एआईबीए से देवेंद्र कुमार मौर्य व प्रेम प्रकाश मौर्य, केनरा बैंक से सुलभ तथा एसबीआई से रितेश सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

इस दौरान नीरज कुमार रावत, शशांक, अंकित कुमार, रमेश पटेल, रोहित मिश्रा, संजीव गुप्ता, मोहम्मद इस्लाम, अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की जानकारी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस प्रतापगढ़ के संयोजक नरेंद्र प्रसाद मिश्र ने दी।

Read Also-Pratapgarh News: जर्जर मकान ढहने से बेघर हुआ था कैंसर पीड़ित परिवार, शासन से मिली आर्थिक मदद

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button