
Pratapgarh News:बाबागंज विकासखंड की रायगढ़ ग्रामसभा के कुटिलिया गांव में बारिश के दौरान जर्जर कच्चा मकान ढहने से प्रभावित कैंसर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय के परिवार को बड़ी राहत मिली है। भाजपा वरिष्ठ नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन भैया की पहल के बाद शासन की आपदा राहत राशि के तहत 1.20 लाख रुपये पीड़ित परिवार के बैंक खाते में भेजे गए हैं।
लालता प्रसाद पांडेय पुत्र स्व. रामचंद्र पांडेय कैंसर से पीड़ित हैं। वह अपनी पत्नी मनोरमा और बेटी सौम्या के साथ जर्जर कच्चे मकान में रह रहे थे। तेज बारिश के दौरान मकान अचानक ढह गया। हादसे में घर का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया और परिवार के सामने रहने व भोजन की समस्या खड़ी हो गई। इसके बाद परिवार को घर के सामने पन्नी लगाकर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मौके पर पहुंचे पप्पन भैया, मदद का दिया भरोसा
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता अभय प्रताप सिंह पप्पन भैया मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराई और अस्थायी टिन शेड बनवाने का भरोसा दिया। साथ ही लालता प्रसाद की बेटी सौम्या को अपने संस्थान में निःशुल्क शिक्षा दिलाने की बात कही।
इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को शासन से आपदा राहत दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया।
खाते में पहुंची 1.20 लाख रुपये की सहायता
पप्पन भैया के प्रयास के बाद बुधवार को शासन की ओर से आपदा राहत कोष से 1.20 लाख रुपये की धनराशि लालता प्रसाद पांडेय के बैंक खाते में भेज दी गई। आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए यह सहायता काफी राहत देने वाली साबित हुई।
अभय प्रताप सिंह पप्पन ने राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और उपजिलाधिकारी कुंडा अजय यादव के प्रति आभार जताया।
राहत राशि मिलने के बाद लालता प्रसाद पांडेय और उनके परिवार ने संकट की घड़ी में सहयोग करने के लिए अभय प्रताप सिंह पप्पन भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
Read Also-5 डे वीक और पुरानी पेंशन की मांग पर सड़कों पर उतरे बैंककर्मी



