हुनर के रंग, स्वाद के संग सजा ‘प्रज्ञा प्रयाग उत्सव मेला’

Pragya Prayag Utsav Mela': A celebration adorned with the colors of talent and the flavors of taste.

देश के विभिन्न राज्यों की शिल्पकला, हस्तकला और पारंपरिक व्यंजनों को एक मंच पर लाने वाले ‘प्रज्ञा प्रयाग उत्सव मेला’ का गुरुवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के उपनिदेशक डॉ. मुकेश उपाध्याय एवं सहायक अभिनव राय ने गणेश प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप जलकार शुभारंभ किया। केंद्र की ओर से आयोजित यह मेला केंद्र परिसर स्थित शिल्प हाट में लगाया गया है। मेले में राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों के शिल्पकार पहुंचे हैं।

स्टॉल पर राजस्थान की लाख की चूड़ियां, मध्य प्रदेश की मीनाकारी ज्वैलरी, बिहार की हैंड ब्लॉक पेंटिंग, नई दिल्ली और कोलकाता की हस्त कढ़ाई, पश्चिम बंगाल की हैंड प्रिंटेड टेक्सटाइल व कांथा एंब्रॉयडरी तथा कश्मीर के आर्टवर्क और सूट उपलब्ध हैं। इनके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक हस्तशिल्प भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा ने बताया कि मेले में करीब 60 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें प्रयागराज के 16 स्टॉल भी शामिल हैं। शिल्प उत्पादों के साथ फूड कोर्ट में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक और लजीज व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि उत्सव 9 अक्टूबर तक चलेगा। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक खुला रहेगा। मेले में प्रवेश निःशुल्क है। शहरवासी यहां शिल्पकारों से सीधे संवाद कर उनकी कला को करीब से देखने के साथ अपनी पसंद के हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी भी कर सकते हैं।

रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी

Show More

Related Articles

Back to top button