
Ayodhya News : उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन (APPU) के सेक्रेटरी जनरल के चार वर्षीय कार्यकाल के लिए लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुना गया है।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित APPU कांग्रेस में 4 सितंबर को डॉ. विनय प्रकाश सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में चीन, ईरान, जापान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, भूटान, नेपाल और फिजी समेत 32 सदस्य देश शामिल हैं।
जनवरी 2027 से शुरू होगा दूसरा कार्यकाल
बैंकॉक स्थित एशियन-पैसिफिक पोस्टल यूनियन में डॉ. विनय प्रकाश सिंह का पहला चार वर्षीय कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। इसके बाद उनका दूसरा चार वर्षीय कार्यकाल जनवरी 2027 से शुरू होगा।
लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय पद के लिए चुने जाने को अयोध्या और भारतीय डाक विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
भारतीय डाक सेवा में लंबा प्रशासनिक अनुभव
डॉ. विनय प्रकाश सिंह 1988 बैच के भारतीय डाक सेवा अधिकारी हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वे भारत सरकार के डाक सेवा बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने संचार मंत्रालय में मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल और चीफ जनरल मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया है।
डॉ. सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) अफगानिस्तान और सेना डाक सेवा कोर में भी प्रतिनियुक्ति पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से गोल्ड मेडल, IIT दिल्ली से PhD
प्रशासनिक सेवाओं के साथ डॉ. विनय प्रकाश सिंह का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से आधुनिक इतिहास में परास्नातक की डिग्री हासिल की और गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने IIT दिल्ली से मैनेजमेंट में PhD की उपाधि भी हासिल की है। डॉ. सिंह अयोध्या के पूरा बाजार के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय राम मनोरथ सिंह के पुत्र हैं।
अयोध्या में खुशी की लहर
डॉ. विनय प्रकाश सिंह के लगातार दूसरी बार APPU के सेक्रेटरी जनरल चुने जाने के बाद अयोध्या के डाक विभाग और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। अयोध्या मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने इस उपलब्धि को पूरे देश के लिए गौरव का विषय बताया।
इस सफलता पर सीनियर पोस्टमास्टर डॉ. किरण सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह और पंकज सिंह समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अभय सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय और सपा नेता अनिमेष सिंह राहुल ने भी डॉ. सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए सफलता की कामना की।



