
CM Yogi Mathura: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज की धरती से विकास, विरासत और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने मथुरा में 1051 करोड़ रुपये की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ रुपये से अधिक की 167 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान आवास योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में 72 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भी भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया और संतों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, स्वीकृति पत्र, चेक और आवास की चाबी भी सौंपी गई। बच्चों का अन्नप्राशन कराने के साथ महिलाओं को उपहार भी दिए गए।
‘मंदिर तोड़े गए, सनातन नहीं टूटा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत में मंदिरों को तोड़ा, लेकिन भारतीयों की भक्ति और आस्था को नहीं डिगा सके। उन्होंने मथुरा, अयोध्या और काशी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का इतिहास केवल उपलब्धियों का इतिहास नहीं है, बल्कि संघर्ष, संरक्षण, पुनर्निर्माण और सनातन की निरंतरता का भी इतिहास है।
योगी ने कहा कि लंबे समय तक विकास का मतलब सड़क, बिजली, पानी और उद्योग तक सीमित माना गया। इस दौरान देश की विरासत और सांस्कृतिक धरोहरों की उपेक्षा हुई। अब सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन समेत प्रमुख तीर्थस्थलों पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
2017 से पहले उत्सव से पहले रहता था उपद्रव का डर
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहार और उत्सव आने से पहले उपद्रव की आशंका बनी रहती थी। अब उत्सव से पहले प्रशासन तैयारियों में जुटता है। उन्होंने वर्ष 2016 के जवाहरबाग कांड का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त हुआ है। कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी गति मिली है।
ब्रज में पर्यटन परियोजनाओं पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि ब्रज क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों में करीब 1000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं पूरी की गई हैं। वृंदावन, बरसाना, नंदगांव, गोवर्धन, राधाकुंड, गोकुल और बलदेव को पर्यटन विकास से जोड़ा जा रहा है।
वृंदावन में रोपवे और मेगा पार्किंग तथा मथुरा में राया अर्बन नोड जैसी परियोजनाओं को ब्रज के विकास की नई दिशा बताया गया। उन्होंने ब्रजभाषा के संरक्षण के लिए सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और वृंदावन में 400 एकड़ में सिटी फॉरेस्ट विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में 51 कलाकारों ने विभिन्न भारतीय नृत्य शैलियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के विविध स्वरूपों और भावों की प्रस्तुति दी।
बाढ़ का स्थायी समाधान करेंगे, गंगा की ड्रेजिंग कराएंगे: योगी
फर्रुखाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गंगा के उफान से हर साल होने वाली बाढ़ और फसल नुकसान की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। इसके लिए गंगा की ड्रेजिंग कर नदी को चैनलाइज करने की योजना पर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना में किसानों की जमीन आने पर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा। पुलिस लाइन में करीब 1000 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। आश्रयहीन परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाणपत्र और आपदा मोचक निधि से राहत राशि के चेक भी दिए गए।
योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ का पानी उतरते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू कराई जाए। प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद सहायता राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज वैक्सीन और जरूरी दवाएं** उपलब्ध हैं। प्रभावित गांवों में राहत शिविर, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं जारी हैं।
शिक्षक दिवस पर 81 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करेंगे सीएम योगी
गोरखपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के 81 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। पांच सितंबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सम्मान समारोह आयोजित होगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें 33 शिक्षिकाएं शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा।
सम्मानित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें आजीवन हर वर्ष 4000 किलोमीटर तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु भी दो वर्ष बढ़ाई जाएगी।



