US-Iran Tension: ‘बदला लेने की सोचना भी मत…’, ईरान पर दूसरे दिन अमेरिकी हमले के बाद ट्रंप की खुली धमकी

US-Iran Tension: अमेरिका ने ईरान में IRGC के ठिकानों पर लगातार दूसरे दिन हवाई हमले किए। जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमले के बाद ट्रंप ने ईरान को जवाबी कार्रवाई पर गंभीर अंजाम की चेतावनी दी।

US-Iran Tension: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन ईरान में IRGC के कई ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने अमेरिकी हमलों का जवाब देने की कोशिश की तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास, किश्म द्वीप, जास्क और सीरिक में कई धमाकों की आवाज सुनी गई। दक्षिण-पूर्वी ईरान के चाबहार और कोनारक क्षेत्रों में भी चार प्रोजेक्टाइल गिरने की जानकारी सामने आई है।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने IRGC के प्रवक्ता के हवाले से कहा कि अमेरिका को अपने नए हमलों पर पछतावा होगा। ईरान ने इन हमलों में अपने सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि भी की है।

48 घंटे में अमेरिका का दूसरा बड़ा हमला

अमेरिकी हमले ऐसे समय हुए हैं जब इससे पहले होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद सोमवार को ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।

जॉर्डन ने दावा किया कि उसके एयरस्पेस में प्रवेश करने वाली आठ मिसाइलों को बीच में ही मार गिराया गया।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, IRGC होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगें ले जाने वाले रॉकेट दागने की तैयारी कर रहा था। अमेरिका ने इसी कथित गतिविधि को हमले की वजह बताया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ा तनाव

अमेरिका का आरोप है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में कमर्शियल जहाजों और इलाके में तैनात अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा था।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में यहां सैन्य गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्रीय तनाव के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।

ट्रंप ने दी ईरान को कड़ी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर ईरान के खिलाफ किए गए हमलों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरानी ठिकानों को निशाना बना रहा है।

ट्रंप के मुताबिक, ये हमले ईरान की ओर से समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कथित कोशिश के जवाब में किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल इलाके में कोई माइंस नहीं हैं और उन्हें या तो हटा दिया गया है या नष्ट कर दिया गया है।

ट्रंप ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर दागी गई आठ मिसाइलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सभी मिसाइलों को गिरा दिया गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने मौजूदा हमलों का बदला लेने की कोशिश की तो अमेरिका उस पर और भी बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान को बेहद गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ईरान ने भी दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका को अपने हमलों पर पछतावा होगा।

इस घटनाक्रम के बाद आशंका बढ़ गई है कि अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा तनाव व्यापक सैन्य संघर्ष में बदल सकता है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी नई सैन्य कार्रवाई से हालात और गंभीर होने की संभावना है।

फिलहाल दोनों देशों के बीच बयानबाजी और सैन्य गतिविधियां तेज हैं। दुनिया की नजर इस बात पर है कि ईरान अमेरिकी हमलों का जवाब किस तरह देता है और क्या क्षेत्र में तनाव को और बढ़ने से रोका जा सकेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button