
नेत्रदान पखवाड़े के आठवें दिन एसआरएन अस्पताल में जागरूकता अभियान,
अब तक 410 लोग ले चुके हैं नेत्रदान का संकल्प
नेत्रदान पखवाड़े के आठवें दिन मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय की टीम ने मंगलवार को स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय में नेत्रदान जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान मरीजों, तीमारदारों एवं अन्य लोगों को नेत्रदान का महत्व समझाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की और 155 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया। अभियान का नेतृत्व प्रो. डॉ. जागृति राणा ने किया। उनके साथ डॉ. निखिल, डॉ. श्रद्धा एवं ऑप्टोमेट्रिस्ट की टीम ने लोगों को नेत्रदान से जुड़ी जानकारी दी और इसके प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। टीम ने बताया कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। लोगों से नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और अपने परिवार एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। अभियान को सफल बनाने में मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय के निदेशक प्रो. डॉ. संतोष कुमार एवं डॉ. विनोद कुमार सिंह का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नेत्र बैंक प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि नेत्रदान पखवाड़े के तहत अब तक मोतीलाल नेहरू जिला चिकित्सालय, तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसरा एवं कोरांव में भी जागरूकता अभियान आयोजित किए जा चुके हैं। विभिन्न अभियानों के माध्यम से अब तक कुल 410 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लिया है।
रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी



