
PM Modi Putin Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा आपूर्ति, व्यापारिक रिश्तों और मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध को मानवता के लिए खतरा बताते हुए सभी विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि युद्ध का हर दिन मानवता के कल्याण को पीछे धकेलता है। उन्होंने कहा कि दुनिया को अब अंतहीन युद्ध से बाहर निकलकर युद्ध के अंत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
भारत हमेशा से शांति का पक्षधर रहा है: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत बुद्ध और महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलने वाला देश है और हमेशा से शांति का समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और मानवता की भलाई के लिए युद्ध समाप्त होना जरूरी है।
PM मोदी ने रूस-यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि भारत सभी समस्याओं के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि सभी मुद्दों को बातचीत और शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखकर आगे बढ़ेंगे दोनों देश
प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से कहा कि पिछले वर्ष उनकी भारत यात्रा सफल और यादगार रही थी। उन्होंने कहा कि भारत और रूस का सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और दोनों देश अपने नागरिकों की भलाई के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना भारत और रूस की साझा सोच रही है और भविष्य में भी यही दोनों देशों के संबंधों का मूल मंत्र रहेगा।
रक्षा, ऊर्जा और व्यापार समेत कई मुद्दों पर चर्चा
बिश्केक में हुई मोदी-पुतिन मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा आपूर्ति, व्यापारिक संबंध और खाद की सप्लाई समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-रूस संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग का दायरा बढ़ रहा है। उन्होंने सितंबर में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए राष्ट्रपति पुतिन के नई दिल्ली दौरे का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
रूस-भारत संबंध पहले से मजबूत हुए: पुतिन
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात के दौरान कहा कि रूस और भारत के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग में सकारात्मक रुझान देखने को मिल रहा है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित बताया।
पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि रूस-भारत संबंधों पर उनके व्यक्तिगत ध्यान और दोनों नेताओं के बीच व्यावसायिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों ने द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रूसी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच पर्यटन आदान-प्रदान में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया और कहा कि इस क्षेत्र में भी सकारात्मक वृद्धि देखी जा रही है।
नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में साथ पहुंचे मोदी-पुतिन
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक साथ छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। दोनों नेता एक ही कार में बैठकर बिश्केक एरिना पहुंचे।
छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स का आयोजन किर्गिस्तान में 31 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। मोदी और पुतिन की मुलाकात को भारत-रूस संबंधों के साथ-साथ मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।



