
UP News-उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात बुधवार देर शाम शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक हुई। बाइक सवार चार हमलावरों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, बावरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान (35) शाम को स्कॉर्पियो से आर्यपुरी स्थित जिम पहुंचे थे। जिम से बाहर निकलकर जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठे, बाइक से पहुंचे हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अंकित के सिर, छाती और पेट में गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जिम में फोन पर हुई थी तीखी बहस
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से कुछ समय पहले जिम में अंकित के मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया था। फोन पर दोनों के बीच तीखी बहस होने की बात सामने आई है। इसके बाद अंकित जिम से बाहर निकले और गाड़ी में बैठते ही उन पर हमला कर दिया गया।
पुलिस अब फोन कॉल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फोन करने वाला व्यक्ति कौन था और उसका अंकित से क्या संबंध था।
जिला पंचायत चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी
अंकित बालियान पिछले कुछ समय से हरियाणा के सोनीपत में रह रहे थे। करीब छह महीने पहले वह शामली स्थित अपने गांव लौटकर परिवार के साथ रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि वह जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वार्ड संख्या तीन से संभावित प्रत्याशी के रूप में उनके पोस्टर भी क्षेत्र में लगाए गए थे।
शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
हत्या की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Read Also-Shubman Gill said-टेस्ट क्रिकेट जीता’, सोनल दिनुषा के शतक से श्रीलंका ने भारत को ड्रॉ पर रोका



