Pratapgarh News: डीएम ने अभ्युदय कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर जानी तैयारी

Pratapgarh News: District Magistrate inspects Abhyudaya coaching centers; interacts with students to gauge their preparation.

Pratapgarh News:जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गुरुवार को एमडीपीजी कॉलेज और जीआईसी कॉलेज प्रतापगढ़ में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी तैयारियों और समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोचिंग केंद्रों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। जहां व्यवस्थाओं में कमी मिली, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

एमडीपीजी कॉलेज में डिजिटल बोर्ड और एसी की व्यवस्था के निर्देश

एमडीपीजी कॉलेज में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने देखा कि दो कक्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। एक कक्ष में डिजिटल बोर्ड और दोनों कक्षों में एसी की व्यवस्था नहीं थी।

इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के बेहतर अध्ययन के लिए डिजिटल बोर्ड, एसी समेत आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं।

जीआईसी में वाटर कूलर और अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था

इसके बाद डीएम ने जीआईसी कॉलेज में संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर उपलब्ध नहीं था। जिलाधिकारी ने तत्काल वाटर कूलर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों को दूसरे हॉल में स्थानांतरित करने और पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त कुर्सियों की व्यवस्था कराने को भी कहा।

कोचिंग सेंटर तक पहुंचने वाला रास्ता भी ठीक स्थिति में नहीं मिला। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर रास्ते का एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन को सुगम बनाने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराया जा सके।

छात्रों से सवाल पूछकर बढ़ाया उत्साह

जिलाधिकारी ने कोचिंग में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे और विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्नातक स्तर के अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना की जानकारी पहुंचाई जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्रों में UPSC, UPPCS, SSC, NEET, JEE, NDA और CDS समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

कवि सुमित्रानंदन पंत की कुटिया का भी निरीक्षण

अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कालाकांकर स्थित प्रसिद्ध कवि सुमित्रानंदन पंत की कुटिया का भी जायजा लिया।

उन्होंने कुटिया परिसर में वर्ष 2023-24 में मनरेगा योजना के तहत निर्मित सीढ़ी और मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परिसर के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद डीएम ने क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, कालाकांकर प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा. राममोहन मीना और जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Read Also-Waste Management : ‘कानून तोड़ा तो बंद होगी आपकी बिजली-पानी सप्लाई’, वेस्ट मैनेजमेंट पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button