UP-PRAYAGRAJ-टीजीटी-पीजीटी के 20 हजार से अधिक पदों पर पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग, युवा मंच का प्रदर्शन

UP (Prayagraj): 'Yuva Manch' protests, demanding recruitment for over 20,000 TGT-PGT posts under the old rules.

UP-PRAYAGRAJ-अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर गुरुवार को युवा मंच के बैनर तले सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शिक्षा निदेशालय पर विराेध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद अपर शिक्षा निदेशक के नाम ज्ञापन संयुक्त निदेशक (वित्त) महेंद्र कुमार यादव को दिया।

अभ्यर्थियों ने 21 अगस्त को शासन स्तर पर होने वाली बैठक में उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के निर्देशन में तीन अगस्त को हुई वार्ता के बाद 11 अगस्त को मुख्यमंत्री सहित शिक्षा विभाग के प्रमुख अधिकारियों, निदेशकों, अपर शिक्षा निदेशकों और प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग की गई थी। अब 21 अगस्त को प्रस्तावित शासन स्तर की बैठक में इस मुद्दे पर अभ्यर्थियों के हित में स्पष्ट निर्णय लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि 16 सितंबर 2025 को जारी शासनादेश के बाद भर्ती की नियमावली में किए गए बदलावों से करीब सात लाख अभ्यर्थियों के प्रभावित होने का दावा है। नई नियमावली में कई नई शैक्षिक अर्हताएं जोड़ी गई हैं। इससे लंबे समय से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सामने अवसर सीमित हो गए हैं। ऐसे में लंबित टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन नई नियमावली के आधार पर जारी करना अभ्यर्थियों के हित में नहीं होगा।

ज्ञापन में कहा गया कि नई नियमावली में बीएड की अनिवार्यता, हिंदी विषय की अर्हता में बदलाव, कला एवं प्राविधिक कला के अभ्यर्थियों के अवसर सीमित करने, संगीत विषय में अतिरिक्त अर्हता, शारीरिक शिक्षा में परास्नातक अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित होने और गृह विज्ञान में परास्नातक की अनिवार्यता जैसे बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी सहित अन्य विषयों की अर्हताओं में बदलाव से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रभावित होने का दावा किया गया है।

अनिल सिंह ने कहा कि टीजीटी-पीजीटी के 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर विज्ञापन जारी होने में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों में आक्रोश बढ़ रहा है। यदि सरकार युवाओं को रोजगार का अवसर देना चाहती है तो 21 अगस्त की बैठक में पुरानी नियमावली के आधार पर विज्ञापन जारी करने का निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैठक में अभ्यर्थियों के हित में निर्णय नहीं लिया गया और पुरानी नियमावली के आधार पर भर्ती का रास्ता साफ नहीं हुआ तो युवा मंच बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री और शासन से 20 हजार से अधिक रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर तत्काल विज्ञापन जारी करने की मांग की, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

प्रदर्शन में एलके चौधरी, बृजेश सिंह, प्रशांत, प्रमोद, अमित, राकेश, रमेश, दीपा, सरिता, सुशोभित, मनोज, अशोक, अजीत, राजेश सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Read Also-Prayagraj News-जलभराव पर महापौर सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

Show More

Related Articles

Back to top button