
Bollywood News: अली फजल और पंकज त्रिपाठी स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रही है। फिल्म के ट्रेलर के बाद अब मेकर्स ने इसका पहला रोमांटिक ट्रैक ‘वारूं फॉरएवर’ रिलीज कर दिया है। गाने में अली फजल के साथ जितेंद्र कुमार, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर नजर आ रहे हैं।
प्यार और रिश्तों का नया रंग
करीब 4 मिनट 12 सेकंड का यह गाना ‘मिर्जापुर’ की हिंसक और क्राइम से भरी दुनिया के बीच रिश्तों और भावनाओं को एक अलग अंदाज में सामने लाता है। गाने को आनंद भास्कर ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल गिन्नी दीवान ने लिखे हैं। श्रेया घोषाल और रोमी ने अपनी आवाज से इसे सजाया है। म्यूजिक प्रोडक्शन की जिम्मेदारी हृषि गिरिधर और तन्वी जोशी ने संभाली है।
‘वारूं फॉरएवर’ फिल्म के लिए एक्सेल म्यूजिक की ओर से जारी किया गया दूसरा गाना है। इससे पहले ‘2 नंबरी’ रिलीज किया जा चुका है। नए ट्रैक में फिल्म के किरदारों के बीच रिश्तों और भावनात्मक जुड़ाव की झलक देखने को मिलती है।
बड़े पर्दे पर लौटेगी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। फिल्म में अली फजल और पंकज त्रिपाठी के अलावा दिव्येंदु, रवि किशन, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, श्रिया पिलगांवकर और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस लंबे समय से इसके बड़े पर्दे पर आने का इंतजार कर रहे हैं। अब नए गाने और ट्रेलर के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
Read Also-UP News : ‘यूपी में कानून नहीं, पुलिस का गुंडाराज’, स्वामी प्रसाद मौर्य का योगी सरकार पर हमला



