Chamoli Tunnel Accident : मलबा और पानी घुसने से 6 मजदूर फंसे, 16 सुरक्षित निकाले गए

Chamoli Tunnel Accident : उत्तराखंड के चमोली में THDC की निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा घुसने से मजदूर फंस गए। 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए हैं, जबकि 6 को बचाने के लिए NDRF-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Chamoli Tunnel Accident : उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार शाम एक निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी घुसने से कई मजदूर अंदर फंस गए। यह हादसा पिपलकोटी के पास THDC India की निर्माणाधीन करीब 3 किलोमीटर लंबी टेल-रेस टनल में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, टनल के मुहाने से करीब 1.5 किलोमीटर अंदर मलबा और पानी पहुंच गया।

अधिकारियों के अनुसार घटना के समय टनल के अंदर 22 मजदूर मौजूद थे। अचानक पानी और मलबा आने के बाद कुछ मजदूर अंदर फंस गए। राहत और बचाव दल ने अभियान चलाकर अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि 6 मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

शाम करीब 7 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे टनल में मलबा और पानी घुसने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय आपदा राहत एवं बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया।

टनल में पानी और मलबे की स्थिति को देखते हुए बचाव अभियान में अतिरिक्त संसाधनों और विशेषज्ञ टीमों को भी लगाया जा रहा है।

CM धामी ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश दिए

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें मौके पर भेजी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी ली और बचाव अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

सभी एजेंसियां मिलकर चला रहीं रेस्क्यू ऑपरेशन

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन और विशेषज्ञ टीमों को भी तैनात किया जाएगा।

जिला प्रशासन, आपदा राहत दल और अन्य संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर समन्वय के साथ काम कर रही हैं। प्रशासन का मुख्य फोकस टनल में फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।

Show More

Related Articles

Back to top button