
Pratapgarh News:स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रतापगढ़ जिले में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में कुंडा विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से नगर का माहौल गूंज उठा।
कुंडा रोडवेज बस अड्डे से दोपहर करीब 3:30 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा डाकघर तिराहा, भगवंत तिराहा, सरयू नगर, मेन चौराहा, खैराती रोड और अस्पताल तिराहा होते हुए वापस रोडवेज बस अड्डे के पास भाजपा कार्यालय के समीप पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान सबसे आगे डीजे पर देशभक्ति के गीत बजते रहे, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाघराय कोतवाली पुलिस की गाड़ी यात्रा के आगे चलती रही।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुंडा मंडल प्रभारी डॉ. मनोज पांडेय मौजूद रहे। वहीं पूर्व प्रत्याशी सिंधुजा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सरोज त्रिपाठी, पूर्व महामंत्री सतीश चौरसिया, भाजपा नेता भूपेंद्र पांडेय, मंडल अध्यक्ष रूपा गौतम, राम मूरत पटेल, चुन्ना तिवारी, गोलू शुक्ल, सुरेश तिवारी और राजेश समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाघराय में भी निकली तिरंगा यात्रा
इसी क्रम में बाघराय में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में मंडल अध्यक्ष शकरदहा सुभाष प्रजापति की मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
जेठवारा में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
प्रतापगढ़ के विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के जेठवारा मंडल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें मंडल प्रभारी बृजेश चंद्र पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री अशोक मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय प्रताप सिंह ‘पप्पन’, जिला महामंत्री राजेश मिश्र ‘राजन’, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय मिश्रा, भाजपा जिला मंत्री सूर्य प्रकाश पटेल, विनोद शर्मा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा और पूर्व मंडल प्रभारी मनीष शुक्ला ‘टिशू’ सहित मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Read Also-New Delhi: रूस को अब भारत से खरीदना पड़ रहा पेट्रोल, पहली बार हुई बड़ी खेप की सप्लाई
तिरंगा यात्राओं के दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय



