Ayodhya News: श्री राम मंदिर ट्रस्ट में जगदीश शंकर आफले सचिव और आयोजन के व्यवस्था प्रमुख का दायित्व आचार्य इंद्र देव मिश्र को मिला

Ayodhya News: Jagdish Shankar Aafle has been appointed Secretary of the Shri Ram Mandir Trust, while Acharya Indra Dev Mishra has been entrusted with the responsibility of overseeing event arrangements.

Ayodhya News:श्री राम जन्मभूमि मंदिर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया है। ट्रस्ट ने जगदीश शंकर आफले को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि मंदिर में होने वाले नित्य पूजन, यज्ञ और अन्य वैदिक अनुष्ठानों के साथ धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था के लिए आचार्य इंद्र देव मिश्र को व्यवस्था प्रमुख नियुक्त किया गया है।

ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में 8 अगस्त को पत्र जारी किया गया था। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने मंगलवार को दोनों नियुक्तियों की पुष्टि की।

मंदिर निर्माण परियोजना से जुड़े रहे हैं जगदीश आफले

जगदीश शंकर आफले भूमिपूजन के बाद से ही अयोध्या में रहकर श्री राम मंदिर निर्माण परियोजना से जुड़े रहे हैं। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर बिना वेतन अपनी सेवाएं दीं। अब उन्हें मंदिर के दैनिक प्रशासन और प्रबंधन से जुड़े कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से ट्रस्ट का सचिव बनाया गया है।

आचार्य इंद्र देव मिश्र को धार्मिक आयोजनों की जिम्मेदारी

आचार्य इंद्र देव मिश्र राम वेद विद्यालय, कारसेवकपुरम् के प्रधानाचार्य हैं। वे लंबे समय से वेद और वैदिक परंपराओं से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में होने वाले विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों के संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ट्रस्ट ने उन्हें दिसंबर 2026 तक व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी दी है। उनके दायित्व में मंदिर में होने वाले नित्य पूजन, यज्ञादि वैदिक अनुष्ठानों के साथ धार्मिक समिति के निर्देश पर विभिन्न उत्सवों और कार्यक्रमों का सुचारु संचालन शामिल रहेगा।

ट्रस्ट के इस प्रशासनिक बदलाव को मंदिर की दैनिक व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठानों और आयोजनों के प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Read Also-Monsoon Session : संसद परिसर बना सियासी अखाड़ा, NDA-विपक्ष आमने-सामने; छात्रों पर कार्रवाई को लेकर घमासान

Show More

Related Articles

Back to top button