
UP News:भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर स्थित मां वनखंडी देवी एवं शिव मंदिर धाम परिसर में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बरगद बचाओ महाअभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर समिति के अध्यक्ष शरदेंदु कुमार मिश्र ‘सोनी’ द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निरीक्षक पुलिस कंट्रोल रूम उन्नाव प्रभारी एवं ट्री मैन के नाम से लोकप्रिय पर्यावरण प्रेमी अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ोंवा के सहायक अध्यापक एवं समाजसेवी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को मंदिर समिति द्वारा ‘पर्यावरण प्रहरी वृक्ष मित्र सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ ने अपनी चर्चित ‘वृक्ष जल कथा’ के माध्यम से पेड़ों की उपयोगिता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बरगद बचाओ महाअभियान की जानकारी दी , उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने बरगद के औषधीय, पर्यावरणीय एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय परंपरा में बरगद को देववृक्ष के रूप में पूजनीय स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अनूप मिश्रा द्वारा शुरू किया गया ‘बरगद बचाओ महाअभियान’ अब जनभागीदारी के साथ लोगों के बीच अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और बरगद संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में समिति के पूर्व अध्यक्ष जयकरन सिंह, पूर्व सैनिक राजेश सिंह, भारत सिंह, शिवहर्ष सिंह, रज्जन शुक्ला, अनुराग द्विवेदी, आशीष त्रिवेदी, सुशील सिंह, राहुल त्रिवेदी, बबलू लोधी,अंकित पांडेय, सरजू प्रसाद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आशीष अवस्थी ‘मुन्ना’ ने किया। अंत में समिति अध्यक्ष शरदेंदु कुमार मिश्र ‘सोनी’ ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



