
Pratapgarh Mahuli Accident: शहर के महुली मोहल्ले में जर्जर मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत की दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए घटना में जीवित बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के साथ सरकार से तत्काल राहत और पुनर्वास की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि महुली की घटना बेहद हृदयविदारक है। एक ही परिवार के छह लोगों की जान चले जाना पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और बेहतर इलाज के लिए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हादसे में परिवार ने अपना सब कुछ खो दिया है, ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ित को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
अजय राय ने शहर में पहले से चिन्हित किए गए जर्जर मकानों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि शहर में 100 से अधिक जर्जर भवनों को पहले ही चिन्हित किया गया था तो उनकी सुरक्षा को लेकर समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने जिलाधिकारी से शहर में चिन्हित सभी जर्जर मकानों की सूची सार्वजनिक करने और ऐसे भवनों को लेकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महुली हादसे के बाद केवल राहत देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए दीर्घकालिक पुनर्वास की व्यवस्था भी जरूरी है। कांग्रेस ने सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही हादसे में परिवार के इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई, ताकि वह अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सकें।
अजय राय के प्रतापगढ़ पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में भुपियामऊ चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने अगवानी की। कांग्रेस सेवादल के महासचिव भवानी शंकर दूबे एवं जिला सचिव अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चिलबिला में तथा जिला महासचिव संतोष सिंह के नेतृत्व में गोड़े में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान पीसीसी सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रशांतदेव शुक्ल, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक, कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी, शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष काशी नारायण मिश्र, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज कश्यप, मनरेगा प्रभारी रवि भूषण सिन्हा, जिला प्रवक्ता मासूम हैदर, फतेह बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष सरोज कुमार सरोज, कार्यालय सचिव रियाज सुल्तान, सदर ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद वसीम, मंगरौरा ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, जिला सचिव सुधांशु शुक्ल, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. दीपक शुक्ला, खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दुर्गेश तिवारी, जिला महिला उपाध्यक्ष सोनी तिवारी, अरबाज मोहम्मद जावेद, जिला सचिव मो. दिलशाद, विश्वास सिंह, देवमणि पांडेय, नूर आलम, सौरभ कश्यप, अंजनी पाण्डेय, सोनू यादव, रामभवन मिश्रा, इंदल सरोज, रंजीत सरोज, पुन्नीलाल चौहान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल राहत, अमन श्रीवास्तव के बेहतर इलाज और परिवार के दीर्घकालिक पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बताया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को न्याय तथा आवश्यक सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



