
Pratapgarh News:रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ के प्रयासों से सांगीपुर विकासखंड के मंगापुर में स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने स्टेडियम निर्माण की कार्ययोजना को स्वीकृति देते हुए कार्यदायी संस्था नामित करने और बजट का आगणन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शासन के विशेष सचिव कुमार विनीत द्वारा 23 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार, मंगापुर में स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश विधायन एवं निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इसके साथ ही निर्माण कार्य के लिए आवश्यक बजट का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया कि विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास के उद्देश्य से मंगापुर में स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए उन्होंने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के साथ मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर अनुरोध किया था। इसके अलावा विधानसभा के पिछले सत्र में भी उन्होंने इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया था।
विधायक के प्रस्ताव पर महानिदेशक युवा कल्याण विभाग ने गत वर्ष 26 दिसंबर को कार्यदायी संस्था नामित किए जाने के संबंध में शासन से पत्राचार किया था। अब कार्ययोजना को स्वीकृति मिलने के बाद स्टेडियम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, स्टेडियम निर्माण की मंजूरी से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि स्टेडियम बनने से खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



