
Sonam Wangchuk: पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद सफदरजंग अस्पताल से डिस्चार्ज कर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। अब उनका आगे का इलाज मेदांता में डॉक्टरों की निगरानी में जारी रहेगा।
यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सुनवाई के दौरान दिया गया, जहां वांगचुक की पत्नी ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने भी इस स्थानांतरण पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि सफदरजंग अस्पताल की सभी मेडिकल रिपोर्ट और उपचार संबंधी दस्तावेज मेदांता अस्पताल को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही मेदांता को विशेषज्ञ डॉक्टरों का पैनल बनाकर उपचार जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से अनशन पर हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब अदालत के आदेश के बाद उन्हें उनकी पसंद के अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उनकी लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग की जाएगी।



