Sonbhadra Fertilizer Protest: खाद की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन, सरकार पर बरसे संदीप मिश्रा

चेरुई ग्रामीण सहकारी समिति पर डीएपी और यूरिया की मांग को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का विरोध प्रदर्शन, जिलाधिकारी से की खाद उपलब्ध कराने की मांग

Sonbhadra Fertilizer Protest: जनपद में खरीफ फसल के दौरान खाद की किल्लत से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रशासन के दावों के बावजूद सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसान आए दिन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को नगवां विकासखंड स्थित चेरुई ग्रामीण सहकारी समिति पर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने स्थानीय किसानों के साथ डीएपी और यूरिया की उपलब्धता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर नहीं मिलेंगे तो फसल उत्पादन घटेगा और इसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ेगा।

प्रदर्शन के दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने “पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के तहत किसानों को सैकड़ों फलदार पौधों का भी वितरण किया।

Sonbhadra News: हिंडालको रेनुसागर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं सुजोक शिविर का आयोजन, कर्मचारियों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

अपने संबोधन में संदीप मिश्रा ने केंद्र सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियां खेती-किसानी के हित में नहीं हैं। उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी का उल्लेख करते हुए भी सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से सभी सहकारी समितियों का निरीक्षण कराने तथा किसानों को उनके भूमि रकबे के अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, “पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के जिला संयोजक रामसूरत सिंह खरवार ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार किसान, आदिवासी तथा जल, जंगल और जमीन के हितों की अनदेखी कर रही है।

प्रदर्शन में दीपक गोंड़, विकास जायसवाल, उमा पांडेय, पिंटू जायसवाल, रामबहाल खरवार, आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, विजय चौहान, दिनेश चेरो सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: रवि पाण्डेय, सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button