
UP News:शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तुलसीनगर, अयोध्या में छात्र संसद, कन्या भारती के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अयोध्या विभाग के विभाग प्रचारक कृष्ण चन्द्र ने नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छात्र संसद,कन्या भारती विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय, समाज एवं राष्ट्रहित में निष्ठापूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनि कुमार शुक्ल ने की। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छात्र संसद,कन्या भारती विद्यार्थियों को नेतृत्व, सेवा और संगठन की भावना से जोड़ती है तथा उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है।
समारोह में विद्यालय के आचार्यों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी नव-निर्वाचित छात्र सांसदों एवं कन्या भारती पदाधिकारियों को बधाई देते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन उर्मिला तथा आभार लल्ला सिंह ने किया।
Read Also-Sports News: खेल मंत्रालय ने जूडो फेडरेशन की अंतरिम कार्यकारिणी को दी सशर्त मान्यता



