
Entertainment News: अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका अंबानी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका फैशन नहीं, बल्कि अपनी बेस्ट फ्रेंड की शादी में किया गया धमाकेदार डांस है। शादी समारोह का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राधिका अंबानी बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर के साथ स्टेज पर जमकर डांस करती नजर आ रही हैं।
दोनों की एनर्जी, केमिस्ट्री और मस्ती भरे अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
अनंत अंबानी भी डांस मूड में दिखे
शादी समारोह में राधिका अंबानी के साथ उनके पति अनंत अंबानी भी मौजूद रहे। बारात के दौरान अनंत अंबानी भी पूरे जोश के साथ डांस करते दिखाई दिए। वहीं जाह्नवी कपूर के साथ उनके कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया भी शादी में शामिल हुए और बारात में अनंत अंबानी के साथ झूमते नजर आए।
इन सभी के डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हल्दी वाला लहंगा फिर पहनकर जीता दिल
राधिका अंबानी ने इस शादी में मशहूर डिजाइनर अनामिका खन्ना का डिजाइन किया हुआ लाल और ऑफ-व्हाइट रंग का लहंगा पहना। खास बात यह रही कि यह वही लहंगा था, जिसे उन्होंने अपनी हल्दी सेरेमनी में भी पहना था।
फ्लोरल एम्ब्रॉयडरी और हैवी सीक्विन वर्क वाले इस लहंगे के साथ राधिका ने मिनिमल डायमंड जूलरी, स्टड ईयररिंग्स, सॉफ्ट मेकअप और सिंपल जूड़े के साथ अपना लुक पूरा किया। उनके इस सस्टेनेबल फैशन चॉइस की भी सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।
दोस्ती की हर रस्म निभाती दिखीं राधिका
राधिका अंबानी सिर्फ डांस तक ही सीमित नहीं रहीं। शादी के अन्य वायरल वीडियो में वह अपनी दोस्त की ब्राइडल एंट्री के दौरान फूलों की चादर थामे नजर आईं। वहीं विदाई के समय अपनी सहेली को गले लगाकर भावुक होती भी दिखाई दीं।
उनका यह सादगी भरा और अपनापन दिखाने वाला अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है।



