
UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित ‘UP Summit 2026- ऊंचाइयों पर उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम में राज्य की विकास यात्रा को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ नहीं था, बल्कि 2017 से पहले शासन करने वाली मानसिकता बीमार थी, जिसने प्रदेश को पिछड़ेपन, बेरोजगारी और अव्यवस्था की ओर धकेल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और आज राज्य देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
‘2017 से पहले यूपी की स्थिति अलग थी’
सीएम योगी ने कहा कि जब उनकी सरकार 2017 में सत्ता में आई, तब प्रदेश आर्थिक और प्रशासनिक चुनौतियों से जूझ रहा था। उन्होंने पहली कैबिनेट बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सरकारी खजाना खाली था और बैंक तक सरकार का फोन नहीं उठा रहे थे।
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे फैसले लिए गए, जनता का विश्वास मिला और विकास के परिणाम सामने आने लगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि शासन की सोच थी।
‘बीमारू मानसिकता ने युवाओं और किसानों को नुकसान पहुंचाया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों की नीतियों ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। रोजगार के लिए उन्हें दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था और कानून-व्यवस्था भी चुनौती बनी हुई थी।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगे, कर्फ्यू और गुंडागर्दी की पहचान से निकलकर निवेश, उद्योग और विकास की दिशा में आगे बढ़ चुका है।
योगी सरकार ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछले नौ वर्षों के दौरान हुए बदलावों के कई आंकड़े भी साझा किए।
- राज्य का वार्षिक बजट 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।
- उत्तर प्रदेश की GSDP 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई।
- प्रति व्यक्ति आय 45 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये के पार पहुंच गई।
- महिला कार्यबल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 37-38 प्रतिशत हो गई।
- बेरोजगारी दर 19 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत से कम रह गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केवल आंकड़े नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के बदलते स्वरूप और युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास की तस्वीर हैं।
‘नया उत्तर प्रदेश विकास की नई पहचान’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश, बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य अब केवल देश की सबसे बड़ी आबादी वाला प्रदेश नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण इंजन भी बन रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।



