
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर और कुशीनगर में कुल 1,283 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। गोरखपुर में करीब 758 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, जबकि कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ-साथ समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
सपा और कांग्रेस पर मुख्यमंत्री का हमला
गोरखपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने जातीय राजनीति के माध्यम से समाज को बांटने और विकास को बाधित करने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है तथा प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
सड़क और कनेक्टिविटी पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की आधारशिला होती है। उन्होंने भटहट-बांसस्थान फोरलेन, बालापार-टिकरिया मार्ग और चिउटहां-कोनी सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों ने नई गति प्राप्त की है और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश किया जा रहा है।
कुशीनगर एयरपोर्ट को जल्द मिलेगी नई उड़ानें
कुशीनगर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है और मुसहर समुदाय सहित वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जल्द ही जेवर और गया से हवाई सेवा के जरिए जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, टिश्यू कल्चर लैब, सड़क चौड़ीकरण और पर्यटन विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र और सहायता सामग्री
दोनों कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, अनुदान राशि, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि उपकरण, टूलकिट, सिलाई मशीन, लैपटॉप सहित अन्य सहायता सामग्री वितरित की। उन्होंने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के माध्यम से उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।



