
International News: पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित पाकिस्तानी रेंजर्स के कार्यालय के पास धमाके और ताबड़तोड़ गोलीबारी की सूचना मिली। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंचीं स्पेशल फोर्स और पुलिस कमांडो
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हालात को नियंत्रित करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स फोर्स (RRF), पुलिस कमांडो और अन्य विशेष सुरक्षा इकाइयों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और पैरामिलिट्री बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
मुठभेड़ में 3 जवान और 3 हमलावर मारे जाने की खबर
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन अर्धसैनिक बल के जवान और तीन कथित हमलावर मारे गए हैं। हालांकि, अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
धमाके की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम
सिंध की आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 ने बताया कि गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक-5 के पास धमाके की सूचना मिलते ही केंद्रीय कमांड एवं कंट्रोल सेंटर से राहत और बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन शुरू किया।
सिंध के मुख्यमंत्री ने मांगी रिपोर्ट
घटना के बाद सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने सिंध के इंस्पेक्टर जनरल और कराची के एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल से बात कर घटना की पूरी जांच करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं। हमले की प्रकृति और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
कराची में रेंजर्स कार्यालय के पास हुआ यह हमला पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। सुरक्षा बल पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और आने वाले समय में जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।
Written By: Ekta Verma



